अपने कार्टूनों से सुर्ख़ियों में आए असीम त्रिवेदी बिग बॉस से होंगे बाहर

मुंबई. अपने कार्टूनों से सुर्ख़ियों में आए आईएसी कार्यकर्ता असीम त्रिवेदी को बिग बॉस के घर से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। यह निर्णय शनिवार को रिपब्लिकन पार्टी आफ इंडिया (ए) के दबाव में कलर्स चैनल ने किया।
आरपीआई अध्यक्ष रामदास आठवले के मुताबिक असीम को कार्यक्रम से निकालने के फैसले के साथ ही पार्टी ने अपना पूर्व घोषित आंदोलन रद्द कर दिया है।
शनिवार को आठवले और चैनल अधिकारियों की बैठक हुई। बिग बॉस के प्रबंधक अभिषेक रेगे ने असीम को कार्यक्रम से बाहर निकालने का लिखित आश्वासन पार्टी को दिया है।
कलर्स चैनल के अधिकारी रोमिल रामघारिया का हस्ताक्षरवाला पत्र आठवले को सौंपा गया है। आठवले ने पत्रकारों को बताया कि चैनल ने उनकी मांगें मान ली हैं।
असीम को जल्द ही शो से विदाई दे दी जाएगी। आठवले के मुताबिक असीम ने अपने व्यंग्य चित्रों के माध्यम से भारतीय संविधान, संसद और अशोक स्तंभ का मजाक उड़ाया है।
दलित समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले असीम को कार्यक्रम में बने रहने का अधिकार नहीं हैं। असीम को बिग बॉस में शामिल किए जाने से देश में गलत संदेश जा रहा है।
इससे पहले गुरुवार को आठवले के नेतृत्व में पार्टी कार्यकताओं ने मुंबई से लोनावला तक मोर्चा निकाला था। बिग बॉस के घर के बाहर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की थी।
चैनल को रविवार तक असीम को कार्यक्रम से बाहर निकालने का अल्टीमेटम दिया गया था। साथ ही धमकी दी गई थी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो सोमवार को पार्टी कार्यकर्ता बिग बॉस के घर में घुसेंगे और असीम को निकाल बाहर करेंगे।








