भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पर करीब 24 करोड़ रूपए खर्च कर 3 लाख से अधिक फोटो शासकीय कार्यालयों में लगाएगी। इसके लिए दो माह का समय दिया गया है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सत्तारूढ़ भाजपा सरकार को अब आठ वर्ष बाद सुध आई है।
अब तक अटल बिहारी वाजपेयी के फोटो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित मंत्रियों के बंगलों पर ही देखे जा सकते थे, लेकिन अब सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को उनकी सुध आई है। पिछली 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म दिन राज्य सरकार ने सुशासन दिवस के रूप मंे मनाया था। इसके बाद तय यह किया गया कि हर वर्ष अटल जी के जन्म दिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाएगा।
दो वर्ष में विधानसभा चुनाव होना है। इससे चिंतित प्रदेश सरकार ने अटल बिहारी वाजपेयी का सहारा लिया है। इसी के तहत सरकार ने प्रदेश के सभी कार्यालयों में अटल बिहारी वाजपेयी के फोटो लगाने के निर्देश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार अटल बिहारी वाजपेयी के फोटो के लिए एक से फोटो निर्धारित किए हैं जिनका मूल्य प्रति फोटो 750 रुपए आएगा। प्रदेश में करीब 3 लाख से अधिक सरकारी भवन हैं, जिन पर फोटो लगाने में करीब 24 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। बताते हैं कि यह खर्च विभागीय बजट से ही निकाला जाएगा।
जानकारी के अनुसार स्कूल भवनों पर सर्वाधिक 1 लाख 37 हजार फोटो लगाए जाएंगे, जबकि आंगनबाड़ी केन्द्रों में 69 हजार 238 फोटो लगेंगे। तीसरे क्रम पर उप स्वास्थ्य कंेद्र है, जहां 8 हजार 860 फोटो लगेंगे। शासकीय अस्पतालों में 1 हजार 620, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर 1 हजार 155, थानों में 943, पुलिस चौकियों पर 480, समेकित बाल विकास कार्यक्रम केन्द्रांे पर 367, तहसील कार्यालयों पर 318, जनपद पंचायतों में 313, नगर पंचायतों में 236, पुलिस सब डिवीजनों पर 146, फोटो लगाए जाएंगे।इसी तरह आदिवासी विकास खंडों में 89, नगर पालिकाओं में 88, कलेक्टोरेट, एसपी कार्यालयों तथा जिला पंचायतों में 50-50 कंट्रोल रूमों में 18, डीआईजी पुलिस रेंज में 15 नगर निगमों में 14 तथा आईजी आफिसों में 11 फोटो लगाए जाएंगे।