राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
स्वाइन फ्लू के 3 संदिग्ध मरीज मिले
Bhaskar News
| Feb 10, 2013, 03:26AM IST

भोपाल। स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच भोपाल मेमोरियल हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमएचआरसी)और एम्स में जल्द होने लगेगी। स्वास्थ्य संचालनालय के अधिकारियों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। शहर के दो चिकित्सा शिक्षा संस्थानों की लैब की स्टेटस रिपोर्ट के आधार पर उनसे अनुबंध करने का प्रस्ताव बना लिया गया है। सिर्फ प्रशासनिक मंजूरी मिलने का इंतजार है।
स्वास्थ्य संचालनालय के अधिकारियों ने बताया कि स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच के लिए दोनों संस्थानों से चर्चा की गई है। संस्थानों के प्रमुखों ने करीब डेढ़ माह में लैब में स्वाइन फ्लू की जांच के इंतजाम करने का आश्वासन दिया है।
स्वाइन फ्लू के तीन संदिग्ध मरीज मिले: शहर के तीन अलग-अलग अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के तीन संदिग्ध मरीज मिले हैं। सभी के नमूने जांच के लिए आरएमआरसीटी जबलपुर भेजे गए हैं। सीएमएचओ डॉ. पंकज शुक्ला के अनुसार स्वाइन फ्लू के तीनों संदिग्ध मरीजों को टेमी फ्लू टैबलेट दी जा रही है। तीनों की हालत खतरे से बाहर है।
आशा और एएनएम को भेजी एडवाइजरी
प्रदेश में स्वाइन फ्लू को नियंत्रित करने शनिवार को सभी आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को स्वाइन फ्लू एडवाइजरी भेजी गई। एडवाइजरी संपर्क सेतु योजना के तहत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को दी गई सीयूजी मोबाइल सिम प्रमुख सचिव स्वास्थ्य प्रवीर कृष्ण ने भेजी है। एडवाइजरी में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को स्वाइन फ्लू के पहचान के लक्षण उसके इलाज के तरीके बताए गए हैं।
टास्क फोर्स की बैठक आज
सीएमएचओ ने बताया कि जिले में स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए रविवार को राज्य स्वास्थ्य संचार ब्यूरो ऑफिस में टास्क फोर्स की मीटिंग होगी। मीटिंग में सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों के डॉक्टर्स शामिल होंगे। मीटिंग में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों को दिए जा रहे इलाज की समीक्षा की जाएगी। संदिग्ध और पॉजिटिव मरीजों के इलाज के लिए कुछ निजी अस्पतालों को चिह्नित किया जाएगा।






