वाह! फेसबुक पर समय बिताना आया काम, बॉलीवुड से मिला ऑफर

भोपाल। यदि आपकी जिद में सकारात्मक ऊर्जा है, तो आपके लिए रास्ते अपने आप खुलते जाते हैं। यह कहना है नवोदित फिल्म गीतकार अमिताभ बुधौलिया का। अक्सर इलाहाबादी के निर्देशन में बन रही सस्पेंस/थ्रिलर और हॉरर मूवी ‘ये रात फिर न आएगी’ के गीत के रचयिता अमिताभ करीब 14-15 साल की उम्र से कहानियां/कविताएं/व्यंग्य लिखते आ रहे हैं। अमिताभ ने अपनी पत्रकारिता की शुरुआत दैनिक भास्कर की अकादमी से की थी। सिटी भास्कर से खास बातचीत में अमिताभ ने बताया अपना सफरनामा..
’ये रात फिर न आएगी’ फिल्म यह एक ऐसे कपल की कहानी है, जो तलाक के मुहाने पर खड़े हैं। अचानक एक दिन उन्हें परिस्थितियों वश वीराने में बने एक डाक बंगले में रातभर शरण लेनी पड़ती है। यहां मानव तस्करी का घिनौना खेल चल रहा होता है। खुद के सामने मौत देखते हुए भी वे एक-दूसरे को बचाने में जी-जान झोंक देते हैं। आखिरकार उन्हें पता चलता है कि वे वाकई एक-दूसरे से बेइंतिहा प्यार करते हैं, महज गलतफहमियों ने उनके बीच दूरियां बना दी थीं।
आगे क्या : ‘ये रात फिर न आएगी’ मई के अंत से रिलीज हो जाएगी। इसके बाद जून से एक नया प्रोजेक्ट लांच होगा। यह एक कॉमेडी फिल्म होगी। इस फिल्म के गीत भी मुझे ही लिखना है।
फिल्मों में ब्रेक कैसे मिला
इस सवाल पर अमिताभ ने कहा, फिल्म के निर्देशक अक्सर इलाहाबादी ने साउथ फिल्म इंडस्ट्री में खूब काम किया है। उन्होंने फिल्म के लिए फेसबुक के जरिए टीम जुटाने का काम शुरू किया। मैं भी इसके जरिए ही जुड़ा। पहले इस फिल्म में कोई भी गीत नहीं था, लेकिन फिल्म के प्रोड्यूसर संजय शर्मा को लगा कि एक आइटम सांग तो होना ही चाहिए। उन्होंने मुझे एक हफ्ते का समय देते हुए गीत लिखने को कहा। मैंने लिखा और उन्हें मेल कर दिया।







