भोजशाला मामला : हार्डिया ने चूक स्वीकारी

भोपाल । स्वास्थ्य राज्यमंत्री महेंद्र हार्डिया ने स्वीकार किया कि भोजशाला मामले में प्रशासन से चूक हुई है। इस वजह से ही पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। हार्डिया ने मंगलवार को भोजशाला मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जानकारी दी। मुलाकात के बाद दैनिक भास्कर से चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रशासन सजग रहता तो लाठीचार्ज की नौबत ही नहीं आती। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है। गौरतलब है कि विगत दिवस जब लाठी चार्ज में घायलों को देखने हार्डिया पहुंचे तो उन्हें लोगों का गुस्सा झेलना पड़ा था।
सूत्रों के मुताबिक हार्डिया की मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने चर्चा के लिए गृहमंत्री उमाशंकर गुप्ता और डीजीपी नंदन दुबे को भी बुलाया, जबकि सोमवार को धार जिला भाजपा के अध्यक्ष सहित करीब 15 लोगों ने इस मुद्दे पर प्रदेश संगठन महामंत्री अरविंद मेनन से मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि सरकार इस मामले में लाठीजार्च के लिए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
कलेक्टर ने दी सफाई
धार कलेक्टर सीबी सिंह ने भोजशाला घटना को लेकर शासन को सफाई भेजी है। सिंह ने मुख्य सचिव आर परशुराम को लिखे पत्र के माध्यम से बताया है कि प्रशासन की सक्रियता के चलते किसी अप्रिय घटना को टाला गया। पत्र की प्रति अपर मुख्य सचिव गृह आईएस दाणी को भी भेजी गई है।
सरकार ने हिंदुओं का अपमान किया : परुलेकर
कांग्रेस विधायक कल्पना परुलेकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भोजशाला मामले में सरकार ने कोर्ट के निर्णय की अवमानना की और लाठी चार्ज कराकर हिंदुओं का अपमान किया।






