मनचले से बहन को कराना था आजाद, जिंदगी से धोना पड़ा हाथ

बताया जा रहा है कि आरोपी मृतक की बहन पर शादी करने का दबाव बना रहा था। इस संबंध में उसने थाने में शिकायत भी की थी। इससे नाराज आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दे दिया।
एएसपी राजेश सिंह चंदेल के मुताबिक अनीस खान मुकद्दस नगर, में रहते हैं। गुरुवार शाम वह अपने 17 वर्षीय बेटे फराज के साथ घर पर ही थे। शाम करीब सवा छह बजे पास में ही रहने वाला शब्बीर अपने दो साथियों के साथ आया और अनीस के साथ विवाद शुरू कर दिया। बात इतनी बढ़ी कि उसने कई फायर कर दिए। हमले में एक गोली फराज के सीने में जा लगी, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, दूसरी गोली अनीस के पैर में लगी है। एएसपी ने बताया कि शब्बीर काफी दिनों से फराज की बहन पर शादी करने का दबाव बना रहा था, लेकिन लड़की पक्ष इसके खिलाफ था। दबाव बढ़ने से नाराज युवती ने गुरुवार को ऐशबाग थाने पहुंचकर उसके खिलाफ शिकायत की थी। पुलिस ने शब्बीर को हिरासत में ले लिया है।






