न सरकार सुनती, न आप, क्या सदन में गोली-तमंचे चलाएं!

भोपाल। पेंशन घोटाले में उद्योगमंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने राजभवन पहुंचीं कांग्रेस विधायक कल्पना परूलेकर भड़क गईं। कल्पना ने राज्यपाल रामनरेश यादव से कहा- हम मामले उठाते हैं। सरकार टालमटोल करती है। आप भी हमारा साथ नहीं दे रहे। हम क्या करें? क्या विधानसभा में गोली-तमंचे चलाएं। परूलेकर ने कहा कैलाश विजयवर्गीय के बारे में ढुलमुल रवैया छोडि़ए। आपने कोई कार्रवाई नहीं की तो आत्मघाती कदम उठा लूंगी, इसके जिम्मेदार आप होंगे।
नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक राज्यपाल को ज्ञापन देने गए थे। ज्ञापन में पेंशन घोटाले में जैन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर अभियोजन की स्वीकृति देने की मांग की गई है। राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि वे रिपोर्ट तलब कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दें।
विजयवर्गीय पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों का जिक्र करते हुए परूलेकर ने कहा कि वे हिंदुओं की आस्था के केंद्र सिंहस्थ में भी घोटाला करने से नहीं चूके। मुख्यमंत्री ने उन्हें फिर से सिंहस्थ का प्रभारी बना दिया है, ताकि वे और भ्रष्टाचार कर सकें। कल्पना ने कहा- सरकार एक तरफ कहती है कि जैन आयोग की रिपोर्ट नहीं आई। दूसरी तरफ विधानसभा में जवाब दिया जाता है कि रिपोर्ट 15 सितंबर को मिल गई। सरकार रिपोर्ट को दबा कर विजयवर्गीय को बचा रही है।
ऐसे में हम कहां जाएं। उन्होंने राज्यपाल से कहा कि वे भी पूर्व राज्यपाल भाई महावीर का अनुसरण करें। कांग्रेस शासनकाल में भाई महावीर ने तत्कालीन मंत्री बीआर यादव के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति दे दी थी। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के नेतृत्व में अन्य कांग्रेस विधायकों के साथ राजभवन गईं परूलेकर ने अजय सिंह सहित किसी भी विधायक को बोलने का मौका नहीं दिया।
जिस समय कल्पना कक्ष के भीतर राज्यपाल से चर्चा कर रहीं थीं तो उनकी आवाज परिसर में काफी दूर तक सुनाई दे रही थी। दैनिक भास्कर से चर्चा में परुलेकर ने इस पूरे घटनाक्रम की पुष्टि की है।
सरकार कैबिनेट सब कमेटी गठित करेगी
उधर, इस मामले में प्रदेश सरकार भी सक्रिय हो गई। सरकार ने जैन आयोग की रिपोर्ट के अध्ययन के लिए एक कैबिनेट सब कमेटी गठित करने का निर्णय लिया है। एक-दो दिन में इसके आदेश जारी हो जाएंगे। सरकार के प्रवक्ता संसदीय कार्यमंत्री नरोतम मिश्रा ने इसकी पुष्टि की है। इस बारे में जब राजभवन के अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा राज्यपाल विश्राम करने चले गए हैं उनसे बात नहीं हो पाएगी।








