कांग्रेस का कुत्ता भी मोदी को फॉलो नहीं करेगा : हरिप्रसाद

भोपाल. कांग्रेस की कमरा बंद बैठक में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह द्वारा गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की टिफिन राजनीति को अपनाने का सुझाव शनिवार को पार्टी के भीतर चर्चा का विषय बना रहा।
यही नहीं, प्रभारी महासचिव बीके हरिप्रसाद जब संवाददाताओं से बात करने आए तो एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह तक कह दिया कि कांग्रेस का चौकीदार या कुत्ता भी मोदी को फॉलो नहीं करेगा। अजय सिंह का बचाव करते हुए उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनका (अजय सिंह) कहना यह है कि जब मोदी हमारी स्टाइल अपनाते हैं तो हम लोग पीछे क्यों हैं?
प्रदेशाध्यक्ष कांतिलाल भूरिया ने मीडिया से चर्चा में कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस की नकल करते हैं। जनता से जुड़ने के लिए टिफिन बैठक का आइडिया वास्तव में कांग्रेस का है।
अजय सिंह के सुझाव पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर भूरिया ने कहा कि वे भी अपने क्षेत्र में खटिया बैठक करते हैं। जिस भी गांव में जाते हैं वहां लोगों को बुला कर खटिया बिछा कर बातचीत शुरू हो जाती है। उन्होंने जोड़ा कि मोदी सांप्रदायिक और फासिस्टवादी हैं, कांग्रेस को उनसे सीखने की जरूरत नहीं है।
गुजरात की प्रगति का श्रेय नागरिकों को
इसके पूर्व ब्लॉक कांग्रेस की बैठक के समापन पर हरिप्रसाद ने कहा कि गुजरात की प्रगति का श्रेय मोदी को देना गलत है। मोदी ने गुजरात में न तो कोई नया कारखाना लगाया और न नया मेडिकल कॉलेज खोला। गुजरात की प्रगति में वहां के नागरिकों का योगदान है। मोदी अपने आपको छोटा सरदार बताते हैं, जबकि सरदार तो कांग्रेस के वल्लभ भाई पटेल थे। मोदी दंभी नेता हैं। नरेंद्र मोदी को आगे रख कर भाजपा वोटों के ध्रुवीकरण का काम करती है। गुजरात ने इस देश को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और मोरारजी देसाई जैसे नेता दिए हैं। इन पर देश और कांग्रेस दोनों को गर्व है।
हरिप्रसाद ने प्रदेश सरकार की विफलताओं और भाजपा के अंतर्विरोधों का जिक्र करते हुए कहा कि यदि वे मप्र में अपने बच्चों का सुरक्षित भविष्य चाहते हैं तो भाजपा को सत्ता से हटाएं। आप बूथ स्तर तक अपनी ताकत बनाएं। बड़े से बड़ा नेता आपके दरवाजे पर आएगा।
भाजपा का जवाब- कुत्ता ही मोदी के काम को फॉलो नहीं करेगा
हरिप्रसाद ने जो बोला है वैसा तो मैं कहना नहीं चाहता था, लेकिन इतना जरूर कहूंगा कि कुत्ता ही मोदी के कामों को फॉलो नहीं करेगा। -कैलाश विजयवर्गीय, उद्योग मंत्री
आपस में ही लड़ते हैं कांग्रेस नेता
हरिप्रसाद ने ब्लॉक अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि मप्र में कांग्रेस के नेता आपस में ही लड़ते हैं। उन्होंने ब्लॉक अध्यक्षों को समझाइश देते हुए कहा कि छोटी-मोटी चीजों में पड़ने की बजाय मन बड़ा रखें।








