मंत्री ने खाई कसम, 'अब नहीं पहनूंगा फीते वाला जूता'
Source: Bhaskar News | Last Updated 05:01(23/01/12)
छिंदवाड़ा. सहकारिता मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने कसम खाई है कि अब वे हमेशा बिना फीते के जूते ही पहना करेंगे। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि वे पुणे से बिना फीते वाले छह जोड़ी जूते लेकर आए हैं। अब यही पहनेंगे। दरअसल, दो दिन पहले सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे से जूते के फीते बंधवाने की वजह से बिसेन विवादों में आ गए थे।
इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि जिस बच्चे ने उनके फीते बांधे, वह उनके परिवार का सदस्य है। मंत्री ने बताया, ‘बच्चे का उसका भाजपा से भी कोई लेना-देना नहीं है।
उसका नाम शुभम उर्फ छोटू है। छोटू मेरे मामा का लड़का है। उसे सहयोग के लिए मैं अपने साथ रखता हूं। बायपास सर्जरी और हार्निया की शिकायत के बाद चिकित्सकों ने मुझे झुकने को मना किया है। मंच पर जूते के फीते खुले देखकर मैं उन्हें बांधने का प्रयास कर रहा था। यह देखकर छोटू ने फीते बांधने में मदद कर दी।‘
बिसेन के खिलाफ युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
भोपाल. युवा कांग्रेस ने रविवार को सहकारिता मंत्री गौरीशंकर बिसेन का पुतला जलाया। बीते दिनों आदिवासी छात्र से जूते के फीते बंधवाने से नाराज युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बिसेन को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की। युकां की भोपाल लोकसभा इकाई के अध्यक्ष मनोज शुक्ला ने बिसेन के पुराने विवादों का उल्लेख करते हुए चेतावनी दी कि अब ऐसी हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।