आज का सबसे बड़ा मुद्दा : देश को इस गुस्से का अंजाम चाहिए

नई दिल्ली/भोपाल/जयपुर/रायपुर/चंडीगढ़/रांची। दिल्ली की घटना पर भास्कर महाअभियान को आठ राज्यों का साथ मिला है। मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़, दिल्ली और महाराष्ट्र ने महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर गंभीरता दिखाई है। इन घटनाओं को रोकने के लिए सरकारी तंत्र और पुलिस में विभिन्न स्तरों पर विचार और प्रक्रिया शुरू कर दी है। दिल्ली में पीसीआर वैन की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तीन नई वुमन हेल्पलाइन बनाई गई हैं। ऊंची इमारतों पर हाई रेजोल्यूशन के कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कानून को सख्त बनाने के लिए मसौदा बनाने की कवायद शुरू की गई है।
राजस्थान में स्कूल-कॉलेजों के बाहर पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। सरकारी बसों में सशस्त्र गार्ड को तैनात किया जाएगा। मध्यप्रदेश में महानगरों में आईजी के नेतृत्व में महिला सेल बनाए गए हैं। महिलाओं के अपराधों को रोकने के लिए एडीजीपी के नेतृत्व में अलग से सेल बनाया है। हरियाणा में महिलाओं के विरुद्ध अपराध रोकने के लिए एडीजीपी रैंक के अधिकारी को नियुक्त किया गया है। पंजाब में तीन हजार महिलाओं की भर्ती की गई है। वहीं, छत्तीसगढ़ में सरकार ने सादे ड्रेस में पुलिसकर्मियों को प्रमुख चौराहों और बाजारों में तैनात करने के निर्देश दिए हैं। झारखंड में जिन जिलों में छेडख़ानी रोकने के लिए सेल हैं, उन्हें सक्रिय किया जाएगा। उधर, महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र से दुष्कर्म संबंधी कानून को सख्त बनाने की मांग की है।






