भोपाल . राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गणवेश में लोकायुक्त जस्टिस पीपी नावलेकर का कूटरचित फोटो दिखाने के मामले में कांग्रेस विधायक कल्पना परूलेकर की गिरफ्तारी को कांग्रेस ने सरकार की बदले की कार्रवाई बताया है। प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मानक अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि परूलेकर को इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि उन्होंने डंपर मामला उठाया था। वे लगातार सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर कर रही थीं। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को हुई प्रेस कांफ्र्रेंस में अग्रवाल ने दावा किया कि परूलेकर ने विधानसभा में फोटो दिखाया ही नहीं था और न ही कोई फोटो पुलिस ने जब्त किया है। विधायक की गिरफ्तारी असंवैधानिक है, क्योंकि विधानसभा अध्यक्ष ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की थी।
गिरफ्तारी से पहले अध्यक्ष से अनुमति भी नहीं ली गई। अग्रवाल ने कहा कि गिरफ्तार तो संसदीय कार्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा को किया जाना चाहिए था, जिन्होंने नावलेकर और संघ प्रमुख के फोटो दिखाए थे।
अग्रवाल ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने भी इस पूरे मामले में विधानसभा अध्यक्ष से बात की है। कांग्रेस नेताओं ने शुक्रवार की रात कल्पना से भी जेल में जाकर मुलाकात की है। वे जमानत लेने को तैयार नहीं हैं, लेकिन पार्टी जमानत के लिए प्रयास कर रही है।
अग्रवाल इन प्रश्नों का जवाब नहीं दे सके कि कांग्रेस की दिग्विजय सरकार के कार्यकाल में कल्पना परुलेकर को गिरफ्तार करना भी क्या बदले की कार्रवाई थी? उन्होंने कहा कि नावलेकर फोटो मामले पर विधानसभा में ही चर्चा होना चाहिए। इसके लिए कल्पना तैयार भी हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कल्पना परुलेकर की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करेगी।
.