काटजू बोले- जनता को खाना नहीं दे पाए नरेंद्र मोदी

भोपाल। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने कहा कि गुजरात में नरेंद्र मोदी भले ही तीसरी बार जीतकर आ गए हैं, लेकिन वहां बच्चों में कुपोषण की दर सोमालिया से भी खराब है। जनता को खाना चाहिए। वह मोदी नहीं दे पाए। क्या वहां की जनता सड़कें खाएगी?
काटजू रविवार को यहां पत्रकारिता का बदलता परिदृश्य और न्यू मीडिया विषय पर आयोजित मीडिया मंथन कार्यक्रम में बोल रहे थे। प्रेस काउंसिल के अधिकारों के बारे में काटजू ने कहा कि इसे और अधिकार मिलना चाहिए। संगोष्ठी में प्रेस काउंसिल के सदस्य शीतला सिंह व अरुण कुमार समेत पत्रकार भी मौजूद थे।
गैंगरेप के अलावा भी कई समस्याएं हैं
दिल्ली में गैंगरेप की घटना पर काटजू ने कहा कि मप्र के किसी गांव में गैंग रेप होता तो क्या इतना हल्ला मचता। चर्चा के लिए दिल्ली में घटना होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रेप के अलावा भी देश में गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई जैसी कई समस्याएं हैं।








