उच्च शिक्षा सुधार पर खर्च होंगे एक हजार करोड़
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 06:06(29/01/12)
भोपाल. उच्च शिक्षा के सुधार पर राज्य सरकार एक हजार करोड़ रुपए खर्च करेगी। इसके लिए वर्ल्ड बैंक की मदद ली जा रही है। यह जानकारी शनिवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में दी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि छात्र पंचायत में आए सुझावों का अध्ययन कर आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि नए कॉलेज प्राथमिकता के आधार पर उन क्षेत्रों में खोले जाएं, जहां उच्च शिक्षा की सुविधाएं नहीं हैं। बैठक में बताया गया कि प्रदेश का पंजीयन अनुपात (जीईआर) 12.5 से बढ़कर 16.9 हो गया है, जो राष्ट्रीय स्तर से ज्यादा है।
बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री लक्ष्मीकांत शर्मा, मुख्य सचिव अवनि वैश्य भी उपस्थित थे। गठित होगी कॅरियर काउंसिलिंग एंड प्लेसमेंट सोसायटी : प्रदेश में तकनीकी शिक्षण संस्थान से निकले युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने तथा मार्गदर्शन के लिए कॅरियर काउंसिलिंग एंड प्लेसमेंट सोसाइटी गठित की जाएगी।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में शुरू किए गए 113 कौशल विकास केंद्रों को बहुपयोगी बनाया जाए ताकि उद्योगों को प्रशिक्षित मानव संसाधन मिल सके। चौहान शनिवार को तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा कर रहे थे।
कृषि विज्ञान विषय को पीएससी में शामिल किया जाए : मुख्यमंत्री ने अभी तक जितने विभागों की समीक्षा की, उनमें सबसे ज्यादा समय कृषि विभाग को दिया। डेढ़ घंटे तक चली बैठक में सीएम ने कृषि विज्ञान विषय को पीएससी की परीक्षा में शामिल करने के निर्देश दिए। विगत दिनों जबलपुर प्रवास के दौरान जवाहरलाल नेहरू कृषि विवि की छात्राओं ने यह मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी थी।