कमाने का मौका! छात्र एक्शन प्लान बनाएं और पाएं पांच लाख

भोपाल। पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) में सोमवार को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। कार्यशाला में जल संसाधन व पर्यावरण मंत्री जयंत मलैया ने कहा कि पहले के लोगों की अपेक्षा नई पीढ़ी ज्यादा सक्रिय है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण एवं प्रबंधन कार्यक्रम से छात्रों को जोडऩा जरूरी है। छात्र पर्यावरण संरक्षण एवं प्रबंधन पर एक्शन प्लान बनाकर बताएं। इसके एवज में उन्हें पांच लाख रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने पॉलीथिन के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई के बारे में भी बताया।
्रकार्यशाला में पर्यावरण विशेषज्ञों ने क्लाइमेट चेंज व ग्लोबल वार्मिंग पर चिंता जाहिर करते हुए उसके कारण व दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, आवास एवं पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव इकबाल सिंह बैस ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण एक ऐसा मुद्दा है जिसे जागरूकता के साथ ही जीवन में शामिल करना जरूरी है। पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम सिर्फ एक कार्यक्रम न रह जाए, इसके लिए 17 से लेकर 70 साल तक के लोगों को इससे जोडऩे के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में पर्यावरण संरक्षण एवं प्रबंधन पर एक पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स शुरू किया जाना प्रस्तावित है। कार्यशाला में विभिन्न कॉलेजों के करीब 100 से ज्यादा प्रोफेसर व स्कूलों के व्याख्याता एवं शिक्षकों ने भाग लिया।






