गांवों का हो विकास, इसलिए मिलेगा 10 हजारो करोड़
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:09(10/02/12)
भोपाल। प्रदेश के ग्रामीण बुनियादी ढांचे के विकास के लिए राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) 10 हजार करोड़ रुपए की धनराशि मुहैया कराएगा। इसके अलावा ग्रामीण अधोसंरचना विकास निधि की राशि भी 750 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 1500 करोड़ रुपए की जा रही है। नाबार्ड के चेयरमैन प्रकाश बक्षी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री के साथ मुलाकात में इस बात पर सहमति दी।
सहकारिता सम्मेलन मंे भाग लेने आए बक्षी ने सीएम को बताया कि राज्य की ग्रामीण सड़कों, सिंचाई योजनाओं और गोदाम बनाने में भी नाबार्ड मदद करेगा। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि मप्र में सहकारी बैंकों में वैद्यनाथन कमेटी की सिफारिशें लागू कर दी गई हैं। उन्होंने समिति की अनुशंसाओं के अनुसार 667 करोड़ रुपए इसी वित्तीय वर्ष के दौरान उपलब्ध कराने का आग्रह नाबार्ड से किया।
नाबार्ड अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में ग्रामीण सड़कों के डामरीकरण के लिए भी मदद दी जाएगी। इसके अलावा बुनकरों के लिए विशेष पैकेज के तहत 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जाएंगे। इससे पहले सम्मेलन में बक्षी ने कहा कि सहकारिता संस्थाओं के लिए कोई अलग से नियम-कायदे नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि सहकारिता समिति चलाने का जिम्मा उसके सदस्यों और बोर्ड का है।