‘किसानों की आत्महत्या के लिए केंद्र जिम्मेदार’
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:07(10/02/12)
भोपाल। भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने आरोप लगाया कि देश में हो रही किसानों की आत्महत्या के लिए केंद्र जिम्मेदार है। केंद्र की नीतियों की वजह से किसान आत्महत्या करने को विवश हैं। राजा भोज विमानतल के स्टेट हैंगर पर पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि सिंचाई को केंद्र की समवर्ती सूची में शामिल किया जाना चाहिए, जिससे राज्य एवं केंद्र सरकारें सिंचाई के संसाधन बढ़ा सकें। इसके अलावा किसानों को खाद- बीज समय पर मिलने चाहिए। उन्होंने मप्र सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि किसानों को एक प्रतिशत पर ऋण देना उल्लेखनीय कार्य है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा या सपा में से किसी भी दल से सरकार बनाने के लिए गठबंधन नहीं किया जाएगा। कर्नाटक में राष्ट्रपति शासन की मांग पर उनका कहना था कि इसका कोई औचित्य नहीं है। विधानसभा में मोबाइल पर अश्लील फिल्म देखने के मामले में मंत्रियों के त्यागपत्र हो गए हैं। पार्टी अपने स्तरों पर जांच करा रही है। जो तथ्य आएंगे उस पर कार्रवाई होगी।
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की गुरुवार को भोपाल यात्रा पर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि उमा के कार्यक्रम के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है पर वे राष्ट्रीय नेता है और यूपी में अच्छा काम कर रही हैं।
मोदी को यूपी बुलाया है: गडकरी
विधानसभा परिसर के बाहर पत्रकारों से चर्चा में गडकरी ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रचार के लिए उप्र बुलाया गया है। वे अभी तक वहां क्यों नहीं गए इस बारे में बातचीत करेंगे। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि वे बलात्कारियों के हाथ काटने की सलाह देने के अपने बयान पर कायम हैं।
मप्र में सत्ता व संगठन में समन्वय बेहतर
इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मप्र में सत्ता और संगठन में समन्वय को देशभर में बेहतर बताया। उन्होंने यहां के कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें देव दुर्लभ कहा। गुरुवार शाम को गडकरी सीएम हाउस पहुंचे और सत्ता एवं संगठन की गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। बंद कमरे में हुई बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी अध्यक्ष प्रभात झा एवं संगठन महामंत्री अरविंद मेनन मौजूद थे। चर्चा का दौर करीब 45 मिनट तक चला।
सूत्रों के अनुसार गडकरी ने सीएम हाउस में हो रहीं विभिन्न वर्गो की पंचायतों की प्रशंसा करते हुए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए कोई प्रशिक्षण संस्थान खोलने का सुझाव दिया। उन्होंने पार्टी की विकास यात्रा का फीडबैक भी लिया।
पटवा से भी मिले
सूत्रों के अनुसार गडकरी मुख्यमंत्री निवास से निकलकर पूर्व मुख्यमंत्री सुंदरलाल पटवा के निवास पर पहुंचे। यहां दस मिनट तक गडकरी और पटवा के बीच चर्चा हुई। इसके बाद रात्रि में विशेष विमान से गडकरी नागपुर रवाना हो गए।