खुशखबरी! एटीपी मशीनों से भी जमा कर सकेंगे बिजली बिल

भोपाल। राजधानी के बिजली उपभोक्ता अब एनी टाइम पेमेंट (एटीपी) मशीनों के जरिए बिलों का भुगतान कर सकेंगे। बिजली कंपनी के मुताबिक शहर के सभी चार संभागों के 22 जोनल दफ्तरों पर ऐसी मशीनें लगाई जाएंगी। इन मशीनों पर सुबह 8 से रात 8 बजे तक बिजली बिलों का भुगतान हो सकेगा।
सुरक्षा के मद्देनजर लिए गए इस निर्णय के तहत कंपनी ने इन मशीनों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू दी है। बिजली कंपनी ने दावा किया है कि एक महीने में सभी मशीनें लग जाएंगी। मीरा आहूजा हत्याकांड के बाद कंपनी के सीएमडी नीतेश व्यास ने भी अधिकारियों को इस तरह की भुगतान व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। अभी शहर में 8 स्थानों पर ऐसी मशीनें लगी हैं। यहां करीब 24 हजार उपभोक्ता बिजली बिलों का भुगतान करते हैं।
ये होगी प्रकिया: एटीपी मशीन में उपभोक्ता को अपना सर्विस कनेक्शन नंबर डालना होगा, जिसके बाद आपको बिल मिलेगा। फिर आप राउंड फिगर में मशीन में नोट जमा कर सकेंगे। मान लीजिए उपभोक्ता का बिल 1260 रुपए है तो वे सीधे 1200 या 1300 रुपए जमा कर सकेंगे, जितना पेमेंट कम या ज्यादा होगा उतना अगले बिल में से एडजस्ट हो जाएगा।
यहां लगेंगी मशीनें
उत्तर संभाग- इमामी गेट, सिटी जोन रेतघाट, नादरा बस स्टैंड, बड़ा बाग, छोला रोड, बैरागढ़, इंद्र विहार (तिलक कॉलोनी) एयरपोर्ट रोड आदि।
दक्षिण संभाग- टीटी नगर, जहांगीराबाद, एमपी नगर, अरेरा कॉलोनी, कोटरा और भदभदा।
पूर्व संभाग- गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल गेट, आनंद नगर, अयोध्या, करोंद, चांदबड़ ।
पश्चिम संभाग- विद्या नगर, शक्ति नगर, वल्लभ नगर और शाहपुरा।






