छात्रों ने ड्राइवर को पीटा बस चढ़ गई डिवाइडर पर

भोपाल। किराए को लेकर कॉलेज छात्रों ने चलती मेट्रो बस में चालक और कंडक्टर से मारपीट की। इससे घबराए चालक ने संतुलन खो दिया और बस बीआरटी कॉरिडोर के डिवाइडर से टकरा गई। वारदात के वक्त बस में ३० लोग सवार थे। हालांकि कोई घायल नहीं हुआ है। शांति नगर निवासी मोहन कुशवाहा के मुताबिक सोमवार सुबह वह बबलू के साथ बस लेकर मंडीदीप रवाना हुआ।
सुबह नौ बजे होशंगाबाद रोड स्थित आशिमा मॉल के सामने पांच-छह छात्रों ने बस रुकवाई। कंडक्टर ने जब किराया मांगा तो छात्रों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने बबलू को पीटना शुरू कर दिया। एक छात्र चालक के पास भी पहुंचा और उससे मारपीट कर चाबी निकालने की कोशिश की। इससे संतुलन बिगड़ गया और बस श्रीराम कॉलोनी के सामने बीआरटी कॉरिडोर की रेलिंग तोड़कर डिवाइडर से टकरा गई।
खो दिया था संतुलन
मोहन ने बताया कि मारपीट शुरू होते ही उसने बस की रफ्तार कुछ कम कर दी, लेकिन अचानक हुई मारपीट से वह संतुलन खो बैठा। बस की रफ्तार यदि तेज होती तो संभव था कि उसमें सवार यात्रियों को भी नुकसान उठाना पड़ जाता। बस बीआरटीएस में लगी जाली को तोड़ते हुए डिवाइडर के पार हो गई थी। हादसे के बाद सवारियों को दूसरे वाहनों से रवाना किया गया।
पहले भी की थी मारपीट
बस मालिक महेश साहू ने बताया कि कुछ छात्रों ने विगत छह दिसंबर को भी किराए को लेकर मोहन के साथ मारपीट की थी। उस दौरान बस मंडीदीप से गांधी नगर जा रही थी। इस संबंध में उन्होंने गांधी नगर थाने में शिकायत भी की थी। उनका अंदाजा है कि शिकायत का बदला लेने के मकसद से आरोपियों ने सोमवार सुबह वारदात को अंजाम दिया होगा।






