शर्ट, जूते, मोजे और बेल्ट पहनकर चला रहे हैं डंडा
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 04:18(29/01/12)
भोपाल. कलम, इंजीनियरिंग के औजार और डॉक्टरी स्टेथेस्कोप थामने वालों हाथों में लाठियां..! जी हां, यह नजारा जंबूरी मैदान में चल रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के उस युवा शिविर में देखने को मिल रहा है, जिसमें इंजीनियरिंग, मेडिकल और अन्य प्रोफेशनल कोर्सेस के युवा भाग ले रहे हैं।
ये वे युवा हैं, जिनका संघ के ऐसे शिविरों से पहली बार वास्ता पड़ा है। यहां वे न केवल रस्साखींच जैसी प्रतियोगिताओं में दांव आजमा रहे हैं, बल्कि लाठी चलाना भी सीख रहे हैं। इस शिविर में करीब एक हजार युवा हिस्सा ले रहे हैं।
शिविर में शनिवार को सुबह और शाम दोनों समय शाखा लगी। इसमें युवाओं को सूर्य नमस्कार और लाठी चलाने के साथ अन्य कई तरह के प्रशिक्षण दिए गए। इसके बाद अलग-अलग टीमें बनाकर रस्साखींच प्रतियोगिता हुई।
शिविर में सभी युवा संघ की खाकी नेकर पहने हैं, लेकिन उन्हें शर्ट, जूते, मोजे और बेल्ट अपनी पसंद के हिसाब से पहनने की छूट है। देश के गौरवशाली इतिहास से युवाओं को परिचित कराने के लिए यहां एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है।