भोपाल को बाय-बाय कह गए सनी देओल 'सिंह साहब द ग्रेट'

भोपाल।
रोल, कैमरा और एक्शन...ओके परफेक्ट...पैक अप। हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर जैसे ही बुधवार को निर्देशक अनिल शर्मा की यह आवाज गूंजी वैसे ही कलाकार और यूनिट के लोगों पर खुशी की लहर दौड़ गई। यह नजारा था हबीबगंज रेलवे स्टेशन पर शूटिंग के सेट का। इसी के साथ 12 दिसंबर से भोपाल में शूट हो रही फिल्म सिंह साहब द ग्रेट का फस्र्ट शेड्यूल कंप्लीट हुआ। बुधवार को सनी देओल, जॉनी लीवर और मनोज पाहवा पर अलग-अलग सीन फिल्माए गए।
सनी देओल ट्रेन में फ्लैश बैक में चले जाते हैं। वहीं जॉनी लीवर और मनोज पाहवा के बीच फाइट सीन शूट किया गया।
गौरतलब है कि प्रोड्यूसर अनुज शर्मा और जीतू जैन की फिल्म सिंह साहब द ग्रेट की शूटिंग शहर में अलग-अलग लोकेशंस पर हुई। फिल्म में सनी देओल के साथ अमृता राव, संजय मिश्रा, जॉनी लीवर, शाहबाज खान, यशपाल शर्मा, मनोज पाहवा हैं। फिल्म के निर्देशक अनिल शर्मा ने बताया कि 9 जनवरी को हमारा पहला शेड्यूल भोपाल में कंप्लीट हुआ। प्रशासन, शहरवासी और मीडिया के सपोर्ट से हम आसानी से पहला शेड्यूल पूरा कर पाए। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फिल्म का मुर्हूत शॉट 12 दिसंबर को दिया। उसके बाद से 9 जनवरी तक हमने फिल्म की शूटिंग की पता ही नहीं चला। यहां के लोगों के प्यार और सपोर्ट के लिए थैंक्स छोटा शब्द है।
जल्द ही फिल्म के अगले शेड्यूल में फिल्म का क्लाइमेक्स और स्टंट सीन 27 जनवरी को भोपाल में शूट करेंगे। इसके लिए सनी देओल, प्रकाश राज और अन्य कलाकार भोपाल आएंगे। भोपाल से अब दिली रिश्ता बन गया। यहां बहुत से दोस्त बन गए हैं। मैं अपने आने वाले प्रोजेक्ट को इसी शहर में शूट करूंगा। शूटिंग खत्म होने के बाद बुधवार रात को फस्र्ट शेड्यूल कंप्लीट होने की सेलिब्रेशन पार्टी लेक व्यू अशोका होटल में हुई। इसमें फिल्म के कलाकार, यूनिट और कई खास हस्तियों ने शिरकत की।







