भोपाल.सराफा बाजार में कोतवाली पुलिस चौकी से महज डेढ़ सौ कदम दूर बदमाशों ने एक ज्वेलरी शॉप का शटर उखाड़कर करीब 85 लाख रुपए कीमत के तीन किलो सोने के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। गहने दुकान के तलघर में रखे थे।
बदमाश पहले शटर तोड़कर दुकान में दाखिल हुए, फिर तलघर में लगी जाली का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। वारदात से पहले बदमाशों ने दो अन्य दुकानों में भी चोरी की नाकाम कोशिश की। विजय नगर, लालघाटी निवासी सुनील सोनी की पोस्ट ऑफिस वाली गली, सराफा बाजार में ज्वेलरी की दुकान है।
सुनील के मुताबिक रोज की तरह शुक्रवार को भी रात करीब साढ़े नौ बजे वे दुकान बंद कर घर गए थे। शनिवार सुबह करीब नौ बजे उन्हें एक कारीगर ने शटर उखड़ा होने की सूचना फोन पर दी।
रेत भरी बोरी में रखकर ताले तोड़े
बदमाशों ने जो ताले तोड़े हैं, पुलिस को उनमें रेत मिली है। सीएसपी ने संभावना जताई है कि बदमाशों ने रेत से भरी बोरी में ताले डालने के बाद ही उन्हें तोड़ा होगा। ऐसा सिर्फ इसलिए, ताकि रात के सन्नाटे में आवाज दूर तक न जाए। बदमाश जाते-जाते सामने पड़े सोने के जेवर छोड़ गए।
माना जा रहा है कि अचानक कोई आहट हुई होगी जिससे बदमाशों को जल्दबाजी में भागना पड़ा।