तीन दुकानों को मामू बनाकर दे गया फर्जी डिमांड ड्राफ्ट
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 05:30(29/01/12)
सीहोर/भोपाल. फर्जी डीडी देकर व्यापारियों के साथ ठगी के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने यह मामला बैंक ऑफ बड़ौदा प्रबंधन की शिकायत पर दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार करीब पांच दिन पहले एक अज्ञात आरोपी नगर की तीन दुकानों पर पहुंचा और उनसे कुछ सामान खरीदने के लिए कोटेशन लेने की बात कही थी। इसके साथ ही उसने पचास-पचास हजार के डीडी भी दुकानदारों को दिए और कुछ राशि नगद ले ली थी। इसके बाद आरोपी रफूचक्कर हो गया था।
इन दुकानदारों ने जब डीडी बैंक में लगाया तो बैंक प्रबंधन ने इन डीडी को फर्जी पाया। मामले में देवास की बैंक से डीडी फर्जी होने की पुष्टि होने के बाद बैंक ऑफ बड़ौदा के प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। टीआई सतीश मेहलवाला ने बताया कि मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है। जो मोबाइल नंबर आरोपी ने बताया था वह बंद है और पता भी गलत है।