आखिर अबतक कहां हैं लॉकअप से फरार बदमाश
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 05:02(10/02/12)
भोपाल। राजधानी में संभवत: पहली बार थाने के लॉकअप में सेंध लगने के बाद शहर के थानों की हवालातों की नए सिरे से समीक्षा की जाएगी। अगले तीन-चार दिनों में आईजी और एसएसपी शहर की अलग-अलग हवालातों का निरीक्षण करेंगे। ऐसा सिर्फ इसलिए, ताकि थाने और हवालात की कमियां सामने आ सकें। इस दौरान थानों में तैनात संतरियों की ड्यूटी की भी समीक्षा की जाएगी।
आईजी विजय यादव ने बताया कि यदि हवालात के निर्माण और रखरखाव में कोई कमी पाई जाती है तो जल्द ही पुलिस हाउसिंग कॉपरेरेशन के जरिए उसे दुरुस्त करवाया जाएगा। हालांकि, दो महीने पहले ही शहर के सभी थानों और हवालातों की समीक्षा की गई थी। इसमें मंगलवारा, शाहजहानाबाद, तलैया, टीला जमालपुरा थानों की हवालात को दुरुस्त करवाने के निर्देश भी दिए गए थे। गौरतलब है कि हनुमानगंज थाने की लॉकअप के बाथरूम की दीवार में सेंध लगाकर तीन शातिर बदमाश बुधवार तड़के फरार हो गए थे। इस मामले में थाना प्रभारी को लाइन अटैच, जबकि चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
हवालात की दीवारों में लगेंगे जाल
एसएसपी योगेश चौधरी ने बताया कि समीक्षा के दौरान जर्जर हो रही हवालात की दीवारों में लोहे के जाल लगाने पर भी विचार किया जा रहा है। ऐसा सिर्फ इसलिए कि आगे कभी इस तरह की वारदात न हो सके। थानों की दीवारों को मजबूत करने के लिए पुलिस हाउसिंग कॉपरेरेशन के अफसरों से भी चर्चा की जा रही है।
अब तक नहीं लगा सुराग
एसएसपी ने बताया कि लॉकअप से फरार बदमाश अकरम, बंटी और दिलीप धुर्वे की तलाश में आधा दर्जन टीमें लगाई गई हैं। हालांकि, पुलिस के हाथ बदमाशों का कोई सुराग अभी हाथ नहीं लगा है। वहीं, तीनों फरार आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए का एसपी ने घोषित किया है।
सीएम ने पूछा- कैसे हो गई चूक
पुलिस प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान (पीटीआरआई) में गुरुवार से आयोजित दो दिवसीय एसपी-कमांडेंट की कांफ्रेंस में पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी राजधानी पुलिस से हनुमानगंज थाने में सेंध को लेकर सवाल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूछा कि आखिर चूक कैसे हो गई ?