बस दो-तीन दिन और...फिर दिखेगा ठंग का असर

भोपाल। दिसंबर की शुरुआत होते ही कड़ाके की ठंड पडऩे के आसार हैं। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमालय पर होने वाली बर्फबारी है। मौसम केंद्र ने अनुमान जताया है कि दो-तीन दिनों में हवाओं की दिशा बदल जाएगी, जिससे तापमान में कमी आएगी। वहीं, गुरुवार को तापमान में मामूली गिरावट आई है।
मौसम केंद्र के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा था। बुधवार को यह 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को यह 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम केंद्र के निदेशक डीपी दुबे ने बताया कि अभी हवा की दिशा दक्षिण-पश्चिमी है। इससे तापमान में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के ऊपर जल्द ही एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इससे यहां बर्फबारी हो सकती है। साथ ही हवाएं भी उत्तर-पूर्वी हो जाएंगी।






