कमाल! 10वीं की परीक्षा देना चाहता है सात साल का छात्र
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 07:16(09/02/12)
ग्वालियर। सात साल के एक छात्र ने हाईकोर्ट से गुहार लगाई है कि उसे कक्षा 10 की परीक्षा में बैठने की अनुमति दिलाई जाए। सेंट्रल कॉन्वेंट स्कूल के कक्षा तीन के छात्र अंशुमन सिंह तोमर का दावा है कि वह हाईस्कूल परीक्षा प्रथम श्रेणी के साथ पास कर सकता है। याचिका पर बुधवार को न्यायमूर्ति एनके मोदी की बेंच ने सुनवाई करते हुए अंशुमन से सामान्य ज्ञान के कुछ सवाल भी पूछे। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान जिला शिक्षाधिकारी मोहर सिंह सिकरवार को तलब कर पूछा कि अंशुमन को अनुमति देने में क्या दिक्कत आ रही है?
क्या माध्यमिक शिक्षा मंडल की परीक्षा में इतनी कम उम्र के छात्र को शामिल किया जा सकता है? न्यायालय ने उन्हें निर्देश दिए कि छह अलग-अलग विषय के विशेषज्ञों का पैनल बनाकर छात्र के मानसिक और शैक्षणिक स्तर की जांच कर न्यायालय में रिपोर्ट पेश की जाए। अगली सुनवाई गुरुवार को होगी। अंशुमन ने वर्ष 2009 में कक्षा नौ में प्रवेश की अनुमति स्कूल शिक्षा विभाग और माशिमं से मांगी थी लेकिन अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद उसने माशिमं के सचिव, डीईओ ग्वालियर को पत्र लिखकर वर्ष 2011 में कक्षा 10 की परीक्षा में बैठने की अनुमति देने की मांग की, लेकिन इस पर विचार नहीं किया गया। इसके बाद अंशुमन के पिता संतोष सिंह तोमर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर इस संबंध में माशिमं को आदेश देने का आग्रह किया।
न्यायालय ने छात्र से ये पूछे सवाल
न्यायालय- बताओ देश के गृहमंत्री कौन है ?
अंशुमन- पी चिदंबरम।
न्यायालय- मध्यप्रदेश के वित्तमंत्री कौन हैं ?
अंशुमन- सर, ये नहीं पता।