मौसम ने ली अंगड़ाई, रहें सावधान, नहीं तो लेनी पड़ सकती है छुट्टी
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 06:56(10/02/12)
ग्वालियर। मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम व वायरल फीवर जैसी बीमारियों ने लोगों को तेजी से जकड़ना शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के अनुसार, जब तापमान में तेजी से उतार-चढ़ाव होता है तो शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है जिससे कई तरह की बीमारियां पैदा हो जाती हैं। जेएएच की ओपीडी मंे गुरुवार को 1322 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें सर्दी, खांसी, जुकाम और वायरल फीवर के मरीज सबसे अधिक थे।
बच्चों को सर्दी से बचाएं
जीआरएमसी के बाल रोग विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. घनश्याम दास के मुताबिक जेएएच की ओपीडी में आने वाले बच्चों में से 40 प्रतिशत सर्दी, खांसी, जुकाम के होते हैं। तापमान में बदलाव के कारण वायरल एवं एलर्जिक बीमारियां उत्पन्न होती हैं। बच्चों को इन दिनों में दमा के अलावा वायरल, डायरिया एवं त्वचा की बीमारियां भी होती हैं। इनसे बच्चों को बचाने के लिए कपड़े ठीक से पहनाएं। बच्चों को रोज या एक दिन छोड़कर नहलाएं और कोल्डड्रिंक न पीने दें। सुबह और शाम की सर्दी से बचाव रखें।
कान का करें बचाव
मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अजय पाल सिंह के मुताबिक तापमान में हो रहे बदलाव के कारण सबसे अधिक अस्थमा, जुकाम, खांसी और वायरल फीवर के मरीज बढ़े हैं। लोगों को चाहिए कि खुद को तापमान के हिसाब से तैयार करें। सुबह और शाम को अधिक सर्दी होती है, इसलिए कान को ढांक कर रखें। इस मौसम में कोल्डड्रिंक का सेवन न करें।
हो सकता है लकवा
जीआरएमसी के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. दिनेश उदैनिया के मुताबिक न्यूरोलॉजी में भर्ती 30 मरीज लकवे से पीड़ित हैं। इस मौसम में रक्त गाढ़ा हो जाता है, जिससे रक्त का संचालन धीमा पड़ जाता है। इससे धमनियां संकुचित होने से लकवा की आशंका बढ़ जाती है। लकवा पीड़ित मरीज को धूप निकलने के बाद ही घर से निकलना चाहिए। इस मौसम में हाथ-पैरों के पंजों में सुन्नपन या झनझनाहट और छोटे जोड़ों में दर्द के साथ सूजन जैसी शिकायतें भी आती हैं। इससे बचाव करने के लिए हाथ में दस्ताने और पैरों में मोजे पहनें तथा ठंडे पानी से बचाव करें।
लौट आई शीतलहर पारा चार पर उतरा
ग्वालियरत्न विदा हो रही सर्दी अचानक थम गई है। हवा के कारण ठंड के तेवर तीखे हो गए हैं और न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर उतर आया। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे तक सर्दी की यही स्थिति रहेगी। अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 3.9 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा। देश के उत्तरी हिस्से में दो दिन से भारी हिमपात हो रहा है, इस कारण शीतलहर लौट आई है। रात से ही 8 से 10 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने लगी थी, जो दिनभर जारी रही। हालांकि धूप अच्छी खिलने से लोगों को काफी राहत मिली।
मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक फिलहाल तीन-चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट की यह स्थिति बनी रहेगी। दिन में धूप होने से ठंड के तेवर कम रहेंगे, शाम के बाद धुंध छाएगी।