सत्ता के लिए छटपटा रही है कांग्रेस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का हमला

ग्वालियर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद प्रभात झा ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस के नेता सत्ता के लिए परेशान हैं। सत्ता के लिए उनकी छटपटाहट का अंदाजा उनके बयानों से लगाया जा सकता है। उन्होंने यह बात रविवार को यहां चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश के विकास के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी विकास के नाम पर राजनीति न करने की बात तो करते हैं पर विकास का मुद्दा आते ही खुद राजनीति करने लग जाते हैं, अगर उन्हें वास्तव में विकास की चिंता है, तो हमारे साथ चलें। श्री झा ने कहा कि सड़कों का मामला हो या बिजली अथवा विकास से संबंधित अन्य योजनाओं का, कांग्रेसियों को हर मामले में राजनीति दिखाई देती है। सड़कों के मुद्दे पर प्रदेश सरकार के मंत्रियों को साथ लेकर प्रधानमंत्री के सामने गुहार लगाने के मुख्यमंत्री के कार्यक्रम पर श्री झा ने कहा कि सड़कों का मुद्दा उठाने के लिए कांग्रेस के मंत्री और नेता हमारे साथ क्यों नहीं चलते हैं? उन्हें जनता से जुड़े मुद्दे पर राजनीति से अलग चलने और काम करने से किसने रोका है? मनरेगा को लेकर प्रदेश में काफी गड़बडिय़ां होने और इस संबंध में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री जयराम रमेश द्वारा योजना के काम का पंचायतों से ऑडिट कराने की बात पर श्री झा ने कहा कि यह सब संघीय व्यवस्था का मखौल उड़ाने जैसा है।
ग्वालियर जिला इकाई का फैसला जल्द
श्री झा ने कहा कि भाजपा के संगठनात्मक चुनावों में कहीं कोई विवाद नहीं है। प्रदेश में अधिकतर जिला इकाइयों के चुनाव हो चुके हैं। जहां जिला इकाइयों के अध्यक्ष घोषित नहींं हो पाए हैं, वहां जल्द ही इसकी घोषणा हो जाएगी। ऐसी इकाइयों में ग्वालियर शहर और ग्रामीण का मामला भी शामिल है। वरिष्ठ नेताओं के बीच इस मसले पर विचार-विमर्श हो चुका है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि जल्द ही सब कुछ सामने आ जाएगा।






