पाक पर दबाव बनाए केंद्र सरकार : उमा भारती

ग्वालियर। भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने पाकिस्तान में हिंदू धर्मस्थलों को क्षतिग्रस्त करने की निंदा की है। सोमवार को ग्वालियर प्रवास पर आईं सुश्री भारती ने कहा कि पाकिस्तान में हिंदू और हिंदू धर्मस्थल सुरक्षित रहें, इसके लिए केंद्र सरकार को पाक पर दबाव बनाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए सभी संगठनों से एकजुट होकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने' की बात भी कही।
पूर्व सांसद जयभान सिंह पवैया के पुत्र चित्रादित्य के निधन पर संवेदना व्यक्त करने ग्वालियर आईं साध्वी उमा ने मप्र की राजनीति को लेकर कहा कि प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बने, इसके लिए मैं भी हरसंभव प्रयास करूंगी। उधर गुजरात विधानसभा चुनाव और पार्टी के कुछ नेताओं द्वारा नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा- पीएम पद का दावेदार कौन होगा, कौन नहीं, यह तय करना पार्टी का काम है।
उमा से मिलते ही रो उठे पवैया: सुश्री उमा भारती, कंपू स्थित श्री पवैया के निवास पर संवेदना जताने पहुंची। वहां पहुंचते ही उन्होंने श्री पवैया के परिजनों से भेंट की और चित्रादित्य के निधन पर शोक जताया। उन्होंने श्री पवैया को धीरज रखने को कहा तो वे उनके कंधे पर सिर रखकर रो पड़े। श्री पवैया के यहां शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचने वालों में विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री चंपतराय, केंद्रीय पदाधिकारी मीनाक्षी ताई पिश्वे, राज्यमंत्री नारायण सिंह कुशवाह, बाबूलाल भानपुरा, विद्यार्थी परिषद के महामंत्री बीडी शर्मा, जनसंपर्क आयुक्त राकेश श्रीवास्तव आदि शामिल थे।






