मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा : 438 सीट, पहले दिन ही 205 फॉर्म बंटे

ग्वालियर। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन यात्रा के तहत जगन्नाथपुरी जाने की सोच रहे बुजुर्गों को फॉर्म लेने के लिए पहले दिन ही खासी मशक्कत करनी पड़ी। सोमवार को बड़ी उम्मीद के साथ बुजुर्ग गोरखी दफ्तर खुलने से पहले ही पहुंच गए। दफ्तर तो समय पर खुला पर उन्हें फॉर्म नहीं मिले। एक बुजुर्ग ने तहसीलदार से बात की तब कहीं दो घंटे बाद फॉर्म का वितरण शुरू हो सका। पहले दिन ही 205 फॉर्म बंट गए, इससे साफ है कि यात्रा के नाम ड्रॉ से तय होंगे।
फॉर्म के लिए कतार में खड़े बुजुर्ग प्रकाश दीक्षित ने कहा कि वे सुबह साढ़े नौ बजे गोरखी आ गए थे। इसके बाद दफ्तर खुलने तक बीस से अधिक बुजुर्ग और भी आ गए। दफ्तर खुला तो बताया गया कि जिस क्लर्क को फॉर्म बांटने का काम सौंपा गया है, वह मंडी चुनाव की ड्यूटी में है। दो घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब बुजुर्गों को राहत नहीं मिली तो कतार में खड़े अशोक अग्रवाल ने तहसीलदार डीडी शर्मा को फोन किया। श्री शर्मा ने तत्काल दूसरे क्लर्क की व्यवस्था की तब कहीं जाकर फॉर्म बांटे गए।
एक फॉर्म से मुश्किल में: कतार में लगे कुछ बुजुर्ग दो फॉर्म चाहते थे। उनका तर्क था वे अपने पति या पत्नी के साथ यात्रा में शामिल होना चाहते हैं। दूसरी तरफ फॉर्म बांटने में लगाए गए स्टाफ को निर्देश सिर्फ एक भी फार्म देने के थे। इसलिए कुछ बुजुर्ग निराश होकर वापस आ गए। शाम को तहसीलदार डीडी शर्मा ने ऐसे मामलों में फोटो पहचान पत्र व उम्र का प्रमाण देखने के बाद दो फार्म देने का निर्देश दे दिया है।
यात्रा 21 दिसंबर से
जगन्नाथपुरी की यात्रा में ग्वालियर से 438 बुजुर्ग शामिल होंगे। भितरवार में फॉर्म समय पर नहीं पहुंच सके, इसलिए यहां पर फॉर्म वितरण मंगलवार 27 नवंबर से शुरू होगा। फॉर्म जमा करने के लिए 7 दिसंबर अंतिम तारीख तय की गई है। यात्रा 21 दिसंबर से 26 दिसंबर के बीच तय है।






