'एक तरह पैसा बचाने का सुकून है तो बायपास शुरू न होने का मलाल'
Source: Bhaskar News | Last Updated 06:19(01/01/12)
निवर्तमान कलेक्टर आकाश त्रिपाठी से दैनिक भास्कर ने जाने शहर के बारे में उनके खट्टे-मीठे अनुभव...
आपके कार्यकाल की तीन प्रमुख उपलब्धियां क्या मानते हैं?
- मिलावटी खाद्य पदार्थो का कारोबार करने वाले व्यापारियों के खिलाफ मुहिम चलाकर रासुका व खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत प्रदेश में पहला जुर्माना।
- गरीबों का पैसा हजम करने वाले चिटफंड कारोबारियों पर प्रभावी नियंत्रण।
- मैरिज गार्डन में 35 फीसदी पार्किग स्पेस की व्यवस्था से देशभर में मिसाल कायम की।
वो तीन काम, जिन्हें पूरा न कर पाने का आपको मलाल है?
- भूमि संबंधी विवाद न निपट पाने से बायपास शुरू नहीं हो सका।
- पुरानी छावनी से मालनपुर तक फोरलेन का काम देर से प्रारंभ हुआ।
- पड़ाव ब्रिज को फोरलेन करने के काम में हुई देरी।
शहर से जुड़े आपके तीन यादगार पल क्या हैं?
- अतिक्रमण विरोधी मुहिम में जनता से भरपूर सहयोग मिला।
- पब्लिक व सरकारी अमले की मदद से ग्रामीण क्षेत्र में जनमित्र केंद्रों को मिली सफलता।
- दैनिक भास्कर व अन्य संगठनों की मदद से तिघरा गहरीकरण अभियान रंग लाया।
ग्वालियर से जुड़े वो तीन किस्से, जिनके कारण आप इस शहर को याद नहीं करना चाहेंगे?
- ऐसा कुछ नहीं है, साढ़े तीन साल में सभी वर्गो का भरपूर समर्थन मिला।
सक्सेसर के लिए आप क्या संदेश देना चाहेंगे?
- शहर में विकास की बहुत संभावनाएं हैं। वर्तमान में सही दिशा में काम चल रहा है, इसे गति देने की आवश्यकता है। रफ्तार यूं ही रही तो ग्वालियर का नाम देश के प्रमुख शहरों में होगा।
शहर के लोगों के बारे में आपके विचार?
- लोग बहुत अच्छे हैं। विकास के हर काम में 95 फीसदी का समर्थन मिला। कुछ लोगों को तकलीफ हुई पर अब वे भी संतुष्ट हैं। लोग विकास चाहते हैं।
अंतिम बड़ा ऑर्डर क्या किया?
- नवविकसित क्षेत्र सिरोल में भू-माफिया के कब्जे से करोड़ों रुपए की भूमि मुक्त कराने के लिए एक माह पहले आदेश जारी हुआ।
खेड़ापति के दर्शन कर संभाली कलेक्टर की कुर्सी
ग्वालियर. नए कलेक्टर पी नरहरि ने दोपहर एक बजे कलेक्टर आकाश त्रिपाठी से 37वें कलेक्टर के रूप में कामकाज संभाला। इससे पहले उन्होंने खेड़ापति हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजा भी की।
कामकाज संभालते ही उन्होंने कलेक्टोरेट की हर शाखा का भ्रमण कर अधिकारी-कर्मचारियों से मुलाकात की। शाम पांच बजे तक श्री नरहरि दफ्तर में रहे और आगंतुकों से मुलाकात की। संवाददाताओं से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि न तो चिटफंड की मुहिम रुकेगी न मिलावटी घी या अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ कार्रवाई। शहर के विकास को लेकर नगर निगम, साडा, विकास प्राधिकरण सहित अन्य विभागों से तालमेल बैठाकर काम को गति दी जाएगी।