रिटायर्ड सीजीएम के सामने लुटेरों के हौसले पस्त, भागे बदमाश
ग्वालियर। मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के रिटायर्ड मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) एसके पचनंदा के घर घुसे दो बदमाश उनकी गर्दन पर चाकू अड़ाकर लगभग 70 हजार रुपए का सामान लूट ले गए। बदमाश धमकी दे रहे थे कि दो लाख रुपए दो अन्यथा खून कर देंगे। लूटपाट के दौरान श्री पचनंदा ने हिम्मत दिखाई और ब्रीफकेस उठाकर एक बदमाश की पीठ पर दे मारा, साथ ही शोर मचाया। इस पर बदमाश घबरा कर भाग निकले। घटना शुक्रवार सुबह लगभग चार बजे की है।
एसपी ऑफिस के पीछे स्थित पटेल नगर में मकान नंबर डी-138 में श्री पचनंदा अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। शुक्रवार की सुबह लगभग चार बजे इन्होंने घर के बाहर खटपट की आवाज सुनी। इन्होंने समझा कि पड़ोसियों के जागने के कारण इस तरह की आवाज आ रही है। कुछ देर बाद ही दो बदमाश इनके घर की खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर घुस आए। बदमाशों ने पहले ड्राइंग रूम में कीमती सामान तलाशा, जब वहां कुछ नहीं मिला तो पचनंदा के बेडरूम में पहुंचे।
उन्होंने श्री पचनंदा की गर्दन पर चाकू अड़ाकर कहा, 'दो लाख रुपए निकालो नहीं तो खून कर देंगे। इस पर श्री पचनंदा ने कहा, 'घर में दो लाख रुपए नहीं हैं, चाहो तो अलमारी खोलकर देख लो। इस पर बदमाशों ने कहा, 'मैं जानता हूं, तुम रिटायर हो गए हो। इसके बाद बदमाशों ने श्री पचनंदा से चाबी लेकर अलमारी खोली और इसमें रखे दस हजार रुपए निकाल लिए। उन्होंने मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेटने के साथ ही उनकी गर्दन से दो तोला वजन की सोने की चेन उतरवा ली।
इतना सब लेने के बाद भी बदमाश श्री पचनंदा से कीमती सामान और रुपए मांगते रहे। इस बीच बदमाशों ने वहां रखे एक ब्रीफकेस को खोलने को कहा। श्री पचनंदा कुछ देर तक नंबर मिलाकर ताला खोलने की कोशिश करते रहे। जैसे ही बदमाशों का ध्यान बंटा, उन्होंने एक बदमाश की पीठ पर ब्रीफकेस उठाकर दे मारा और शोर मचाते हुए बाहर की ओर दौड़ लगा दी। इस पर दोनों बदमाश सामान समेट कर भाग निकले। शोर सुनते ही कॉलोनी में रहने वाले लोग इकट्ठे हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चार घंटे तक इलाके की सर्चिंग की लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।






