सिलेंडर नहीं दिया तो पेट्रोल छिड़क कर लगा दी आग

ग्वालियर/मुरैना। मुरैना में गैस सिलेंडर लेने गए एक युवक ने कागजात मांगे जाने पर एजेंसी के तीन कर्मचारियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे तीनों कर्मचारी और दो उपभोक्ता झुलस गए। गैस सिलेंडर देने की नई प्रक्रिया शुरू होने के बाद अंचल में सिलेंडर को लेकर झगड़े और लूटपाट की घटनाएं बढ़ गई हैं। अंचल में पिछले दस दिन के दौरान सिलेंडर को लेकर मारपीट की यह ग्यारहवीं घटना है। घबराए एजेंसी संचालक पुलिस सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
मुरैना में शुक्रवार को दोपहर 12.30 बजे गोपालपुरा निवासी पप्पू सिकरवार इंडेन गैस के गोदाम पर सिलेंडर लेने पहुंचा। यहां के कर्मचारियों ने उसे एजेंसी से पर्ची लाने को कहा। कुछ देर बाद पप्पू एसपी बंगले के सामने स्थित रोशन गैस एजेंसी पर पहुंचा और पर्ची की मांग की।
कर्मचारियों ने उससे उसका कंज्यूमर नंबर पूछा। पप्पू ने बिना नंबर के ही सिलेंडर देने की मांग की तो कर्मचारियों ने इनकार कर दिया। उस समय तो पप्पू चला गया लेकिन कुछ देर बाद वह एक बोतल में पेट्रोल लेकर आया और एजेंसी के गेट के पास खड़ा हो गया। चार बजे जैसे ही एजेंसी से कर्मचारी मुकेश त्रिपाठी, मुन्नालाल व गिर्राज परमार सहित उपभोक्ता श्याम गर्ग व अशोक तोमर बाहर निकले, वैसे ही पप्पू ने उन पर पेट्रोल फेंककर आग लगा दी।
अचानक हुए इस हमले से वहां भगदड़ मच गई। आग से मुकेश त्रिपाठी के पैर जल गए। मौके पर मौजूद चार अन्य लोग भी मामूली रूप से झुलस गए। इस बीच मौका पाकर आरोपी वहां से भाग निकला।
एजेंसी संचालक ने मांगी सुरक्षा: हमने पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। इससे पहले भी प्रशासन से सुरक्षा की मांग की थी लेकिन सुरक्षा नहीं मिली। कर्मचारियों पर आरोपी ने प्राणघातक हमला किया। जबकि पुलिस ने छोटी-मोटी धाराओं में मामला दर्ज किया है। -मनीष गर्ग, एजेंसी संचालक
सुरक्षा दी जाएगी : हमने एजेंसी संचालक को सुरक्षा का आश्वासन दिया है। आरोपी शराब के नशे में था। हमने धारा 279, 452, 323, 294, और 506 बी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। - जेपी भट्ट, टीआई कोतवाली
दस दिन में ग्वालियर शहर में छह वारदात
17 सितंबर: तीन जगह हुई सिलेंडर छीनने की घटनाएं।
1. मुरार क्षेत्र में सिलेंडरों की डिलीवरी कर रहे गणोश गैस एजेंसी के हॉकर विजय को गोलू कुशवाह नाम के व्यक्ति ने रोका और एक सिलेंडर उठाकर ले गया। बाद में एजेंसी संचालक युवक के घर गया और सिलेंडर वापस लेकर आया।
2. पूनम गैस एजेंसी के हॉकर संतराम जब मुरार के लाल टिपारा स्थित गोदाम से गाड़ी में सिलेंडर रख रहे थे, तभी दो युवक आए और बिना पूछे एक हजार रुपए हॉकर के ऊपर फेंक कर दो सिलेंडर छीन ले गए।
3. सुरेश नगर क्षेत्र में एक पुलिस के जवान ने हॉकर को रोककर दो सिलेंडर उतरवा लिए।
19 सितंबर: पुलिस ने की दादागिरी
- बहोड़ापुर क्षेत्र के मॉडर्न गैस एजेंसी के हॉकर विजय से दो सिपाही मारपीट कर बिना पैसे दिए सिलेंडर छीन ले गए। वहीं मुरार के बारादरी क्षेत्र में हॉकर लक्ष्मण को दो पुलिसकर्मियों ने रोका और सब्सिडी वाला एक सिलेंडर मांगा। हॉकर के मना करने पर पुलिसकर्मियों ने उसे देख लेने की धमकी दी और चले गए।
26 सितंबर: सिलेंडर छीनने की घटनाएं
- दीनदयाल नगर के राधाकृष्ण नगर में पूनम गैस एजेंसी के हॉकर दीपू बघेल से मारपीट कर सिलेंडर छीनने का प्रयास। इसी रात ढोली बुआ के पुल के पास रहने वाली यमुना देवी के घर से एक गैस सिलेंडर चोरी हो गया।
..और अंचल में
शिवपुरी और मुरैना में चार घटनाएं
16/27सितंबर: शिवपुरी की ऋषि गैस एजेंसी के हॉकर सुनील रजक से न्यू ब्लॉक निवासी लीला व भीम बाथम ने गैस सिलेंडर मांगा। न देने पर भीम ने सुनील रजक पर फरसे से हमला कर दिया। इसी एजेंसी पर 27 सितंबर को कुछ युवकों ने जान से मारने की धमकी दी।
16 सितंबर : मुरैना की मां ब्रजरेश्वरी इंडेन एजेंसी के हॉकर राकेश को रामनगर वासियों ने पीटकर उनसे सिलेंडर छिन लिए थे।
19 सितंबर: रोशन गैस एजेंसी के गोदाम पर कर्मचारी व उपभोक्ता भिड़ गए। हाथापाई की नौबत आने पर गोदाम बंद कर दिया गया। डेढ़ घंटे बाद पुलिस के पहुंचने पर गोदाम खोला।







