हाय रे! व्यवस्था, अंधे छात्रों तक को रखा भूखा

ग्वालियर. झांसी रोड स्थित माधव अंधाश्रम के नेत्रहीन छात्र शनिवार को आश्रम में हंगामा कर भूख हड़ताल पर बैठ गए। छात्रों ने सुबह 10 बजे एकजुट होकर नारेबाजी शुरू कर दी थी। छात्रों की नाराजगी आश्रम की मैस की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर थी।
छात्रों का आरोप है कि उन्हें न तो समय पर खाना मिलता है और न ही नाश्ता। इतना ही नहीं आश्रम के वार्डन छात्रों से बदतमीजी करते हैं। छात्रों के इस हंगामे की बीच आश्रम के अध्यक्ष पुरुषोत्तम भार्गव ने दोपहर में वार्डन रामलाल केवट को पद से हटा दिया। वार्डन को बदले जाने पर छात्रों ने भूख हड़ताल खत्म कर दी। ज्ञात हो कि अंधाश्रम में 75 बच्चे रहते हैं।
समय पर न तो खाना दिया जाता है न ही नाश्ता। जब वार्डन रामलाल केवट से इसका कारण पूछा तो उन्होंने हमें गालियां दीं। वह हम सभी से बदतमीजी से बात करते हैं। मुकुंद यादव, छात्र, अंधाश्रम
छात्रों की शिकायत पर आश्रम के वार्डन रामलाल केवट को हटा दिया गया है। नया वार्डन सुनीता सक्सेना को बनाया गया है। पुरुषोत्तम भार्गव, अध्यक्ष, माधव अंधाश्रम






