शादी में जाना है तो जरूर जाएं, लेकिन पहले इसे पढ़ लें
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 01:39(29/01/12)
ग्वालियर. आपको शादी में जाना है तो जरूर जाएं, लेकिन घर को सूना छोड़कर न जाएं। चोर ताक लगाए बैठे हैं कि घर सूना दिखाई दे और वे वारदात को अंजाम दे दें। उपनगर ग्वालियर में चोरों ने ऐसे ही तीन सूने घरों को निशाना बनाया और लगभग चार लाख रुपए का सामान लेकर चले गए। तीनों घटनाएं शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात की हैं।
उपनगर ग्वालियर के हलवाट खाना में रहने वाले जूता कारोबारी राकेश जैन परिवार सहित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए डबरा गए थे। इस दौरान उनका घर सूना था। शनिवार की सुबह वे लौटे तो देखा कि घर के ताले टूटे हुए हैं। चोर इनके घर से चालीस हजार रुपए नगद और जेवरात सहित लगभग डेढ़ लाख रुपए का सामान पार कर ले गए।
चोरी की दूसरी वारदात भी उपनगर ग्वालियर में ही हुई। पंचायती चबूतरा राजा मंडी में रहने वाली लक्ष्मी शाक्य शुक्रवार की शाम को परिवार सहित शादी समारोह में शामिल होने के लिए बारादरी मुरार गई थीं। इसी दौरान चोरों ने इनके घर के ताले तोड़कर नगदी और जेवरात सहित लगभग पौने दो लाख रुपए का सामान पार कर दिया।
एक अन्य वारदात में चोरों ने काशी नरेश की गली में रहने वाले प्रदीप बाथम के घर के ताले तोड़कर लगभग पचास हजार रुपए का सामान पार कर दिया।