साड़ी पर सॉस लगाकर उड़ाए जेवर
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 07:09(10/02/12)
ग्वालियर। जीवायएमसी ग्राउंड पर बेटे की बारात लेकर पहुंची चंचल जैन मेहमानों से मिलने-जुलने में व्यस्त थीं। अचानक उनकी साड़ी पर कहीं से सॉस गिर जाता है। साड़ी साफ करने के लिए उन्होंने हाथ में लिया बैग जैसे ही कुर्सी पर रखा उसे लेकर एक दस साल की बालिका भाग निकली। बैग में ढाई लाख रुपए के जेवर थे। बालिका का मेहमानों ने पीछा भी किया, लेकिन ग्राउंड के मेन गेट के बाद वो गायब हो गई। घटना बुधवार रात की है।
सतपुड़ा नर्मदा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, इटारसी में मैनेजर पद पर कार्यरत हेमसिंह की परेड निवासी सतीश चंद्र जैन के बेटे अभिषेक की शादी 8 फरवरी को सनातन धर्म रोड स्थित जीवायएमसी मैदान पर थी। रात लगभग साढ़े नौ बजे वरमाला के बाद वर-वधू को आशीर्वाद देने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अभिषेक की मां चंचल की साड़ी पर किसी ने सॉस डाल दी। उन्होंने साड़ी को साफ करने के लिए जेवर के बैग को एक कुर्सी पर रख दिया। नजर चूकते ही, एक बालिका ने बैग उठाया और भाग निकली। कुछ मेहमानों ने उसे गेट तक भागते देखा तो पीछा भी किया, लेकिन बाहर पहुंचते ही वह अचानक गायब हो गई। बैग में ढाई लाख रुपए के जेवरात, दो हजार रुपए नकद और उपहार में मिले कुछ लिफाफे भी थे। चोरी की वारदात के बाद श्री जैन इंदरगंज थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी।
सेंट्रल पार्क के बाहर से दो बच्चे पकड़े : पुलिस ने बुधवार रात सिटी सेंटर स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित शादी समारोह के बाहर से संदेह के आधार पर दो बच्चों को पकड़ लिया। बच्चों की मां मलका निवासी पचोर, राजगढ़ गुरुवार की सुबह विश्वविद्यालय थाने पहुंची और बताया कि उसके बच्चे शाम को भूखे घर से निकले थे और शादी समारोह में खाना खाने पहुंच गए थे।
पांच हजार रुपए में सुरक्षा का इंतजाम
ग्वालियरत्नशादी समारोह में चोरी की बढ़ती वारदातों के बाद शहर में नया ट्रेंड विकसित हो रहा है। लोग अब शादी के खर्चो में सुरक्षा को भी शामिल करने लगे हैं। शादी में सुरक्षा पर मात्र पांच हजार रुपए खर्च होते हैं, लेकिन चोरी की आशंका से निजात मिल जाती है। पड़ाव पर रहने वाले देवेंद्र शिवहरे के बेटे अभिषेक की शादी 8 फरवरी को परिणय वाटिका में थी। उन्होंने शादी समारोह में आठ सिक्योरिटी गार्ड तैनात किए थे। इसके अलावा चार सीसीटीवी कैमरों का इंतजाम भी शादी समारोह में किया था।
एक सुरक्षा गार्ड तीन सौ में: सुरक्षा के इंतजाम में पांच हजार रुपए का खर्च आता है। एक सुरक्षा गार्ड तैनात करने के लिए तीन सौ रुपए का खर्च होता हैं।
एक बच्ची ने उठाया था बैग
मेरी साड़ी और शॉल पर किसी ने सॉस गिरा दी थी। मैं साड़ी से सॉस साफ करने के लिए पानी के टैंक के पास पहुंची और बैग को कुर्सी पर रख दिया। इसी दौरान एक बच्ची ने बैग उठाया और भाग निकली। आसपास के लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन मैरिज हाउस के बाहर जाकर वह गायब हो गई।