महानगरों को चमकाने के लिए लेंगे कर्ज
Source: प्रवीण चतुर्वेदी | Last Updated 07:17(09/02/12)
ग्वालियर। अगले विधानसभा चुनाव के पहले पांच बड़े शहरों को चमकाने के लिए राज्य सरकार विश्व बैंक या एशियन विकास बैंक से भारी कर्ज लेने की तैयारी कर रही है। यह कर्ज ग्वालियर सहित इंदौर, भोपाल, जबलपुर और उज्जैन के नगरीय निकायों के नाम से लिया जाएगा। इस बारे में इन निकायों से प्रस्तावित कार्यो की सूची और आवश्यक धनराशि का ब्योरा मांगा गया है। प्रदेश के पांचों महानगरों में मूलभूत सुविधाओं और संसाधनों की कमी दूर करने के लिए नगरीय निकायों और राज्य सरकार के पास पर्याप्त धनराशि नहीं है।
आर्थिक तंगी दूर करने के लिए कर्ज लेने की सैद्धांतिक सहमति हो जाने के बाद नगरीय प्रशासन विभाग ने इन पांचों शहरों के नगर निगमों को पत्र भेजकर कार्ययोजना तैयार करने के लिए कहा है। यह कर्ज शहर में सड़क, पानी, बिजली, सौंदर्यीकरण, यातायात सुविधा आदि के लिए लिया जाएगा। इस संबंध में कुछ निकाय प्रमुखों से चर्चा का पहला दौर पूरा हो गया है। विभाग ने उनसे इस मामले में सहमति मांगी है। सहमति देने पर उनसे विकास कार्यो पर होने वाले खर्च का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
ग्वालियर को चाहिए सौ करोड़ रुपए
महानगर में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगभग सौ करोड़ रुपए की जरूरत बताई गई है। इससे सड़क, सफाई व ड्रेनेज जैसी मूलभूत समस्याएं दूर की जाएंगी। इसके लिए प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है।
कब तक
विभाग ने उक्त योजना के तहत प्रस्ताव भेजने के लिए दो माह का समय तय किया है। इस अवधि में प्रस्ताव मिलने के बाद कर्ज की कुल राशि और कर्ज देने वाली एजेंसी तय की जाएगी। प्रदेश सरकार अपनी गारंटी पर उक्त कर्ज उपलब्ध कराएगी।