राज्यदिल्ली
मध्य प्रदेश
राजस्थान
छत्तीसगढ़
हिमाचल
पंजाब
हरियाणा
चंडीगढ़
उत्तर प्रदेश
बिहार
झारखंड
महाराष्ट्र
गुजरात
जम्मू-कश्मीर
पुलिस जांच में उलझी रही और परिजनों ने कर दी हत्या
Dainik Bhaskar News
| Jul 30, 2012, 07:23AM IST
पुरानी छावनी इलाके के स्टोन पार्क में रविवार को सुबह ट्रक ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी मौत को हत्या मानते हुए ड्राइवर के परिजनों ने शाम को घाटीगांव में एक युवक की हत्या कर दी। दोनों मृतक के परिवारों के बीच पत्थर कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। पुलिस हत्या के आरोपियों की तलाश कर रही है।
डांडा खिरक निवासी जगत सिंह गुर्जर (35) शनिवार को पत्थर से लदा ट्रक लेकर पुरानी छावनी स्थित स्टोन पार्क आया था। सुबह जगत का शव स्टोन पार्क के पास हरिअंत एंड गर्ग फैक्टरी परिसर में मिला। शव के पास ही मोबाइल फोन व कमरे की चाबी मिली है। शव मिलने की सूचना पर उसका भाई करतार सिंह थाने पर पहुंचा और अपने भाई की हत्या का आरोप लगाया। करतार का कहना था कि वह भी रात में भाई के साथ था, तब उसके कुछ रिश्तेदारों ने जगत के साथ मारपीट की थी। इसके बाद वह घाटीगांव लौट गया और जगत ट्रक पर ही रुक गया था।
करतार का आरोप था कि जगत की हत्या उन्हीं लोगों ने की है। पुलिस इस मामले को छत से गिरकर हादसा होना मानकर जांच कर रही है। उधर मृतक जगत सिंह के परिजनों ने अपने विरोधी राजेंद्र सिंह गुर्जर की शाम लगभग छह बजे घाटीगांव में सब्बल व सरिया मारकर हत्या कर दी। हत्या करने वालों को संदेह था कि जगत की हत्या राजेंद्र ने ही की है। पुलिस ने राजेंद्र की हत्या में पप्पू गुर्जर, परशुराम गुर्जर, हरभजन व महेंद्र गुर्जर के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।








