संगीत थीम पर विकसित होगी तानसेन रोड
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 02:18(29/01/12)
ग्वालियर. कटोरा ताल रोड को हिस्टोरिकल थीम पर विकसित करने के बाद नगर निगम अब जल्द ही तानसेन रोड को संगीत थीम पर विकसित करेगा। इसके लिए महानगर के संगीतकारों सहित बुद्धिजीवियों के सुझाव लिए जाएंगे।
यह निर्णय शनिवार को बालभवन में आयोजित बैठक के दौरान लिया गया। महापौर समीक्षा गुप्ता द्वारा बुलाई गई बैठक में नेता प्रतिपक्ष शम्मी शर्मा, महाराजा मानसिंह संगीत महाविद्यालय के कुलपति चितरंजन ज्योतिषी, रजिस्ट्रार डीएस चंदेल, सतीश बौहरे, कृष्णराव दीक्षित, प्रकाशचंद कोरी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
महापौर ने कहा कि संगीत सम्राट तानसेन की ऐतिहासिक नगरी होने के कारण यह पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर को आकर्षक बनाने के उद्देश्य से महानगर में सात सड़कों को थीम के आधार पर विकसित करने का निर्णय लिया गया है।
संगीत विश्वविद्यालय के कुलपति श्री ज्योतिषी ने कहा कि यह मार्ग मोहम्मद गौस के मकबरे और तानसेन की समाधि स्थल के पास से ही गुजरता है, ऐसे में रोड के आस-पास की दीवारों पर वाद्ययंत्रों के चित्र बनाना चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पड़ाव से सटी रेलवे क्रासिंग को चौड़ा करना चाहिए। मौजूद लोगों ने ट्रैफिक का लोड कम करने के लिए चौराहों के आस-पास से अतिक्रमण हटाने को भी कहा।