परेशान करते हैं प्रभारी, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

ग्वालियर। नौकरी से हटाए जाने के बाद एक महिला ने नगर निगम के मदाखलत प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला की शिकायत पर कलेक्टर ने इस मामले की जांच निगम कमिश्नर को सौंपी है। कलेक्टोरेट में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान 153 लोगों ने कलेक्टर पी. नरहरि से मुलाकात की। रानी कुशवाह ने कलेक्टर को लिखित शिकायत देते हुए कहा कि मदाखलत प्रभारी दिग्विजय सिंह उन्हें परेशान करते हैं। उससे पैसों की मांग की जाती है। मदाखलत प्रभारी दिग्विजय सिंह ने कहा कि काम न करने के आरोप में रानी सहित एक अन्य महिला को दस दिन पहले हटा दिया गया है। इसी कारण वह झूठी शिकायतें कर रही हैं।
वहीं, भाजयुमो के वार्ड 12 के अध्यक्ष हितेंद्र सिंह, हाथकरघा बुनकर सहकारी संघ माधव नगर के क्षेत्रीय प्रबंधक की शिकायत लेकर कलेक्टर के पास पहुंचे। श्री सिंह ने प्रबंधक बीएन त्रिवेदी पर कपड़ों की सप्लाई में धांधली करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। मुरार अस्पताल में पदस्थ कंपाउंडर रामदास त्यागी पांच माह से वेतन न मिलने, ज्ञान सिंह जाटव मोर बाजार जनमित्र केंद्र से जाति प्रमाण-पत्र न मिलने की शिकायत लेकर कलेक्टर से मिले। समूह बनाकर पहुंचे वीरपुर के ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि राशन की दुकान नियमित नहीं खुलती है, इससे राशन सामग्री नहीं मिल पाती है। स्टेशन पर जिंदगी गुजर बसर कर रही 72 साल की सावित्री ने कलेक्टर से मदद मांगी। जिसे शांति निकेतन भेज दिया गया।
कलेक्टर के पास पहुंचे कांग्रेस पार्षद: जिले में संचालित जनमित्र केंद्रों पर लोक सेवा गारंटी के तहत अधिसूचित 40 सेवाएं बंद किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्षद दल मंगलवार को कलेक्टर पी. नरहरि से मिलने पहुंचा। जनसुनवाई के दौरान पहुंचे कांग्रेस पार्षदों ने ज्ञापन दिया और जनमित्र केंद्रों के संबंध में कलेक्टर ग्वालियर द्वारा 27 नवंबर को जारी आदेश को वापस लेने की मांग की। पार्षदों का कहना था कि लोक सेवा केंद्रों के माध्यम से जो सेवाएं प्रदाय की जा रही हैं, उनके लिए जनता को अतिरिक्त आर्थिक भार उठाना पड़ रहा है। इस मामले की उच्च न्यायालय के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों से जांच कराने की मांग की गई है।






