पुलिस ने लुटेरों की तलाश में पिस्टलधारी पकड़ा
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 01:50(29/01/12)
ग्वालियर. शहर में लगातार हो रही लूट की वारदात के बाद शनिवार को पुलिस को एक पिस्टलधारी बदमाश हाथ लगा है। इसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है। पुलिस दावा कर रही है कि शहर में हुई लूटपाट के संबंध में पकड़े गए बदमाश से कुछ सुराग मिले हैं। पूछताछ अभी जारी है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि शिंदे की छावनी में रहने वाले कल्लन के यहां पर भिंड-मुरैना के बदमाशों का आना-जाना है और इनमें से ही कोई शहर में लूट की वारदातों को अंजाम दे रहा है। इस सूचना पर पुलिस शनिवार की सुबह शिंदे की छावनी में कल्लन के घर पहुंची और उसे उठा लाई।
कल्लन के पास से पुलिस को एक पिस्टल भी मिली है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अश्विन भट्ट अपहरणकांड में भी इसका हाथ रहा था। पुलिस सूत्रों का दावा है कि शहर में लूट की वारदातें करने वालों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग पूछताछ के दौरान मिले हैं। कल्लन से जो जानकारी पुलिस को मिल रही है उसकी तस्दीक की जा रही है।