जब ये दबंग अपने पर आते हैं, तो छूटते हैं सबके पसीने, देखिए तस्वीरें

ग्वालियर। जब कानून के रक्षक खुद पर आते हैं, तो उनके आगे किसी एक नहीं चलती। अपराधियों की तो सिट्टी-पिट्टी गुम हो जाती है। कुछ ऐसा ही नजारा यहां देखने को मिला। यहां कई दिनों से खुलेआम बीच चौराहों पर शराब का दौर चलता था। आने-जाने वाले आम लोगों के लिए रास्ता असुरक्षित हो चला था। दैनिक भास्कर ने पहल की तो मामला अब संभलता नजर आ रहा है।
सरेआम शराब पीने वाले लोगों की धरपकड़ करने के लिए आबकारी विभाग का अमला अब रात सड़कों पर उतर आया है। अमले ने इंदरगंज थाने के ठीक सामने फुटपाथ पर शराब पी रहे युवक पकड़े। फूलबाग चौराहे पर चौकी के सामने भी शराब पीते युवक पकड़े गए। सभी को आबकारी की हवालात भेज दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकांश स्थानों पर शराब पी रहे युवक भाग निकले तो कुछ ने बचने के लिए बहानेबाजी की। ऐसी कार्रवाई लगातार हो तब खुलेआम सड़कों व चौराहों पर शराबखोरी बंद हो पाएगी।
आबकारी विभाग की टीम शाम 7.45 बजे सबसे पहले सिटी सेंटर पहुंची। इसके बाद टीम फूलबाग चौराहे पर पहुंची, यहां दुकान के पीछे अहाते के किनारे बाइक पर खड़े होकर शराब पी रहे युवकों में भगदड़ मच गई। कुछ युवक अहाते में घुस गए तो कुछ पीछे की ओर भाग गए। यहां विनोद गोले को शराब पीते हुए पकड़ लिया। इसके बाद टीम फूलबाग मैदान पहुंची, यहां नारायण बहादुर निवासी दर्पण कॉलोनी को अंधेरे में शराब पीते पकड़ा।
इसके बाद टीम मोती तबेला पर पहुंची। आबकारी टीम के पहुंचते ही यहां भगदड़ मच गई, एक सफेद कार में सवार युवक भाग गए। यहां ओमप्रकाश निवासी मुरैना को पकड़ा गया। इसके बाद टीम इंदरगंज थाने के सामने शराब दुकान पर पहुंची और यहां से महेंद्र जाटव निवासी बरौआ को शराब पीते पकड़ा। टीम में सहायक जिला आबकारी अधिकारी जीपी केवट, रविंद्र खरे, गंगाशरण शर्मा, मोनिका पाठक, प्रज्ञा मालवीय, निधि गुप्ता व सरदार सिंह शामिल थे।
यहां तो पुलिस वाले भी आते हैं
फूलबाग चौकी के सामने अहाते के गार्ड से आबकारी अफसरों ने पूछा, ‘रोकते नहीं हो इन्हें।’ इस बार गार्ड तोमर बोला, ‘साहब हमारी कौन सुनता है, यहां तो पुलिस वाले भी आते हैं।’
तीस कारों से काली फिल्म उतारी
कार के कांच पर फिल्म चढ़ाकर चलने वालों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन पुलिस ने तीस कारों से फिल्म हटाई, वहीं 14 कार चालकों से जुर्माना भी वसूला। ट्रैफिक टीआई नरेश अन्नोटिया ने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार की सुबह 11 बजे से तानसेन रेजीडेंसी के सामने चेकिंग अभियान शुरू किया। यहां पर दोपहर लगभग दो बजे तक पुलिस ने कारों को रोककर इनके कांच पर लगी फिल्म उतारी। यहां पर कुछ कार चालकों ने खुद ही पुलिस का सहयोग करते हुए फिल्म उतरवाई, वहीं कुछ चालक बहाने बनाने लगे। कुछ लोगों ने अपना रसूख भी दिखाया।
इसलिए शुरू हुआ अभियान : गोविंदपुरी इलाके में 20 अप्रैल को एक छात्रा से तीन युवकों ने गैंग रेप किया था। युवकों ने छात्रा को जिस बोलेरो गाड़ी में अगवा किया था, उसके कांच पर भी काली फिल्म चढ़ी थी।








