चाकूबाजी के बाद एसपी बंगले पर हंगामा
ग्वालियर। हेमसिंह की परेड पर चाकूबाजी की घटना के बाद घायल के परिजनों ने सोमवार देर रात एसपी बंगले पर हंगामा कर दिया। घायल के परिजन आरोपियों पर 307 (जानलेवा हमला) की धारा लगाने की मांग कर रहे थे।
हनुमान बांध निवासी दीपक पुत्र आशाराम कुशवाह को हेमसिंह की परेड क्षेत्र में सोमवार रात लगभग 11.30 बजे अंडे के ठेले पर छिंगा निवासी सिंधी कॉलोनी ने मारपीट करते हुए चाकू मार दिए। घायल युवक के मेडिकल के बाद माधौगंज थाना पुलिस ने आरोपी छिंगा के खिलाफ धारा 323, 324, 294 व 506 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। दीपक के मेडिकल परीक्षण के बाद उसके परिजन जब मुरार अस्पताल से लौट रहे थे, तभी यह सभी लोग हमलावर के खिलाफ 307 की मांग करते हुए एसपी बंगले पर हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना मिलते ही रात्रि गश्त प्रभारी नीरज पांडे मौके पर पहुंचे और सभी को लेकर माधौगंज थाने में प्रकरण की जानकारी ली। इसके बाद घायल का मेडिकल जेएएच में कराने और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें रवाना किया।






