अंबाह/ग्वालियर.नगर में शुक्रवार शाम चाय बनाते समय सिलेंडर में आग लग गई। जिससे चाय बना रही किशोरी बुरी तरह से झुलस गई। मोहल्ले के लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। आग से झुलसी किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार रंगरेज मोहल्ला निवासी मुन्नालाल जैन की 14 वर्षीय बेटी रिचा जैन शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे किचन में चाय बना रही थी। इस दौरान रिचा ने जैसे ही गैस चूल्हे को जलाने के लिए माचिस की तीली जलाई, तभी सिलेंडर में आग लग गई।
जिससे रिचा बुरी तरह से झुलस गई। इस दौरान वह चीखती हुई किचन से बाहर निकली। बताया जाता है कि रिचा की चीख सुनते ही रंगरेज मोहल्ले से निकल रहे आरक्षक दीपक सोलंकी व मोहल्ले के अन्य लोग जलते हुए गैस सिलेंडर को बाहर खींच लाए और आग को बुझाया गया। रिचा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तो हो जाता बड़ा हादसा :स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। क्योंकि यह क्षेत्र बाजार में आता है। जिससे यहां काफी लोगों का आवागमन रहता है।
लीकेज आ रहे गैस सिलेंडर :बताया जाता है कि इन दिनों उपभोक्ताओं को एजेंसी द्वारा लीकेज सिलेंडर दिए जा रहे हैं। पिछले वर्ष फरवरी माह में लीकेज सिलेंडर में आग लगने से हादसे हुए थे।