ये बच्चे मेहमान नहीं, चोर भी हो सकते हैं
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 07:27(23/01/12)
ग्वालियर. यदि आप के परिवार में किसी की शादी है तो समारोह में शामिल होने आए उन बच्चों पर खास निगाह रखें, जिन्हें आप या आपके रिश्तेदार नहीं पहचानते। ये बच्चे आपको भले ही अच्छे कपड़े पहने मेहमान जैसे दिखें, लेकिन ये बच्चे चोर हो सकते हैं। ये चोरी में इतने एक्सपर्ट होते हैं कि पल भर में जेवर से भरा बैग पार कर देते हैं। पिछले तीन महीने में शादी समारोहों में लगभग 25 लाख रुपए के जेवर चोरी हो चुके हैं।
शादी समारोह में चोरी की वारदातों की पुलिस ने जांच की तो पता चला कि गिरोह वारदात करने के लिए बच्चों को अच्छे कपड़े पहना कर भेजता है। इनके गिरोह के बड़े सदस्य शादी समारोह के बाहर गाड़ी लेकर इनका इंतजार करते हैं और वारदात को अंजाम देकर बच्चे जैसे ही बाहर निकलते हैं, वे इनको लेकर निकल जाते हैं।
पुलिस ने दिसंबर माह में सेंट्रल पार्क में चोरी की वारदात को अंजाम देने आए दो बच्चों को पकड़ा था। बच्चों ने बताया था कि उनकी दादी पुन्नी बाई होटल के बाहर उनका इंतजार कर रही है, लेकिन उनके पकड़े जाते ही वह फरार हो गई। पुलिस उसकी तलाश में राजगढ़ तक गई थी, लेकिन वो वहां नहीं मिली।
ये रखें सावधानी
मेहमानों को पहचानने वाले कुछ रिश्तेदारों को गेट के आसपास रखें।
जिस बैग में कीमती सामान या रुपए रखे हैं, उसको लेकर भी सतर्क रहें, इसे पल भर के लिए भी इधर-उधर न रखें।
किसी संदिग्ध व्यक्तिको देखें तो इसकी जानकारी निकट के पुलिस थाने को दें।
शादी समारोह में काम करने आने वाले लोगों पर भी निगाह रखें।
ये वारदातें हो चुकी हैं
अक्टूबर माह में थाटीपुर के शालीमार गार्डन में आयोजित शादी समारोह से सात लाख के जेवर पार।
झांसी रोड स्थित उत्सव वाटिका से 25 हजार रुपए कीमत के जेवर चोरी।
जैन छात्रावास में आयोजित शादी समारोह से तीन लाख रुपए कीमत के जेवर पार।
नवंबर माह में सेंट्रल पार्क में आयोजित शादी समारोह से 3.17 लाख रुपए से भरा बैग चोरी।
जनवरी माह में पड़ाव इलाके के तानसेन रेजीडेंसी से सात लाख रुपए के जेवर चोरी।