पहले कुचला फिर बचने के लिए चम्बल नदी में बहाने निकला, लेकिन..
Source: dainik bhaskar news | Last Updated 00:48(29/01/12)
मुरैना-अंबाह/ग्वालियर. अंबाह के नयापुरा में शनिवार को एक मेटाडोर चालक ने तेज रफ्तार व अनियंत्रित वाहन दौड़ाते हुए पहले तो बालिका को कुचल दिया। उसके बाद वाहन में बालिका का शव डालकर भागा। वाहन चालक को यह करते हुए स्थानीय लोगों ने देख लिया तो उन्होंने उसका पीछा किया। इससे घबराया चालक वाहन छोड़कर भाग निकला।
आक्रोशित लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ भी की। बालिका के पिता का आरोप है कि चालक उसे कुचलने के बाद चंबल में फेंकने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है।
नयापुरा निवासी रामकरन शर्मा की 12 वर्षीय बेटी विमलेश करीब साढ़े बारह बजे मिट्टी लेकर घर आ रही थी।
तभी गणोशपुरा की तरफ से दूध की टंकियों से भरी मेटाडोर क्रमांक एमपी 06 जीए 1002 के चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन को चलाकर बालिका को कुचल दिया। बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। बालिका को कुचलने के बाद चालक ने वाहन को रोका और शव उठाकर उसमें डालकर भागने लगा।
मौके पर मौजूद बनवारी शर्मा व कालीचरण तोमर ने मेटाडोर का पीछा किया। अंबाह कस्बे में परेड चौराहे के पास वाहन खड़ा मिला। जब उसमें देखा तो पीछे बालिका का शव पड़ा हुआ था। थोड़ी ही देर में भीड़ एकत्रित हो गई। आक्रोशित लोगों ने वाहन में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाया और वाहन को शव सहित अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पीएम के लिए अस्पताल भेजा। आरोपी चालक का नाम रामवीर सखवार बताया जा रहा है।