अब मस्ती करें खुल के, आपकी सुरक्षा को तैनात हैं गार्ड
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 06:58(10/02/12)
ग्वालियर। टूरिस्ट के साथ बढ़ती आपराधिक घटनाओं को देखते हुए राज्य पुरातत्व अभिलेखागार संग्रहालय एवं संचालनालय ने किले स्थित सात स्मारकों पर अप्रैल से निजी सुरक्षागार्ड तैनात करने का निर्णय लिया है। इन्हें विभाग ट्रेनिंग देगा ताकि किसी भी घटना को अंजाम देने वाले दोषियों को पकड़ा जा सके।
किले पर लगातार बढ़ रहीं अपराधिक घटनाओं को देखते हुए राज्य पुरातत्व विभाग इन स्थलों की सुरक्षा पुख्ता करने जा रहा है। जल्द ही किले पर मौजूद सात स्थानों में सुरक्षा गार्ड तैनात होने वाले हैं। कुछ दिन पहले ही किले पर टूरिस्ट के साथ हुई र्दुव्यवहार की घटनाओं को सिटी भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसमें किले पर मौजूद सात स्थानों को संवेदनशील बताया गया था। इस मामले की गंभीरता देखते हुए राज्य पुरातत्व अभिलेखागार संग्रहालय एवं संचालनालय ने इन सभी स्थानों पर अप्रैल से सुरक्षा बढ़ाने का निर्णय लिया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि शहर में आने वाले टूरिस्ट मानसिंह महल को देखने के बाद विभाग के इन सात स्थलों पर सुरक्षा के अभाव के कारण नहीं जाते, इस कारण विभाग को यह कदम उठाना पड़ा।
सीटी बजने पर मुख्य द्वार हो जाएगा बंद
स्पेशल ट्रेनिंग के जरिए शरारती तत्वों को पहचानने और उन्हें पकड़ने के टिप्स इन निजी सुरक्षा गार्ड को दिए जाएंगे। ट्रेनिंग में बताया जाएगा कि टूरिस्ट के साथ किसी भी प्रकार की घटना होने पर सीटी बजाकर अलर्ट करें। इस आवाज के बाद मानसिंह महल के मुख्य द्वार को बंद कर दिया जाएगा। गेट पर मौजूद गार्ड संबंधित थाने को भी इसकी सूचना देगा और फिर अपराधी के लिए सर्चिग होंगी।
टिकट विंडो पर करें शिकायत
विभाग टिकट विंडो पर शिकायत पेटी के साथ नंबर को भी अंकित करेगा। यदि टूरिस्ट को इन स्थानों पर सुरक्षा गार्ड नहीं दिखाई देते हैं तो वह फोन नंबर और शिकायत पेटी में लिखित शिकायत कर सकते हैं।
ये होगा कार्य
- देश-विदेश से आने वाले सुरक्षागार्ड को स्पेशल ट्रेनिंग दी जाएगी। इस ट्रेनिंग में टूरिस्ट के साथ किस प्रकार का व्यवहार करना है और सुरक्षा की दृष्टि से किन ऐहतियात को बरता जाए, यह भी सिखाया जाएगा।
- इन सुरक्षा गार्ड को बार-बार एक स्थान पर आने वाले लोगों की पहचान करने के गुर सिखाए जाएंगे।
- टूरिस्ट के टिकट चेक करने के साथ ही उनके आने और जाने का समय रजिस्टर में नोट करना होगा।
- ऐतिहासिक स्थलों के आसपास गंदगी फैलाने के साथ इन पर गलत शब्दों को लिखने से रोकना।
- स्थल के आसपास किसी भी प्रकार के ठेले और फुटकर दुकानदारों को हटाना।
- सुबह दस बजे से ये गार्ड शाम सात बजे तक तैनात रहेंगे।
- दिनभर के टिकट कलेक्शन को सही सलामत विभाग के कार्यालय में जमा कराना शामिल है।