घर बैठे लगाओ फोन, दरवाजे पर खड़ी हो जाएगी टैक्सी
Source: दिनेश गुप्ता | Last Updated 08:34(28/12/11)
ग्वालियर. इंदौर-भोपाल की तर्ज पर ग्वालियर में भी लोगों को फोन लगाने पर चौबीस घंटे टैक्सी सुविधा उपलब्ध होगी। यह सुविधा मायकैब के नाम से मिलेगी। अगले सप्ताह तक 20 टैक्सियां शहर में आ जाएंगी। इनके लिए चालकों की भर्ती प्रक्रिया जारी है। इस सुविधा के प्रारंभ होने पर शहर के लोगों को काफी राहत मिलेगी।
बिरला सोल्यूशन एंड कंसल्टेंट प्रालि के डायरेक्टर लीलाधर शर्मा ने बताया कि बीस टैक्सियां पांच जनवरी तक ग्वालियर आ जाएंगी। इसके बाद टैक्सियों में एसेसरीज लगाने का काम होगा और अगले एक सप्ताह 15 जनवरी तक टैक्सी सुविधा मायकैब शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि मायकैब का मुख्य कंट्रोल रूम सनातन धर्म मंदिर रोड पर बनाया जाएगा, जबकि एक सब कंट्रोल रूम स्टेशन पर बस स्टैंड के पास बनेगा। श्री शर्मा ने बताया कि चालकों की भर्ती के बाद उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जीपीएस से जुड़ी रहेंगी टैक्सी
शहर में चलने वाली सभी रेडियो टैक्सी जीपीएस से जुड़ी रहेंगी। इससे कंट्रोल रूम में बैठकर मॉनिटरिंग कर रहे व्यक्ति को हर टैक्सी की पोजीशन पता रहेगी। इससे दूसरा फायदा यह होगा कि जिस रूट पर टैक्सी जा रही है और उस पर ट्रैफिक जाम है तो कंट्रोल रूम में बैठा व्यक्ति टैक्सी के ड्राइवर को सूचना देगा और दूसरा रूट भी बताएगा।
यह रहेगा कॉल सेंटर का नंबर
मायकैब सुविधा कॉल सेंटर के माध्यम से संचालित होगी। चौबीस घंटे में कभी भी इस सेवा का लाभ लेने के लिए फोन नंबर 2333333 लगाना होगा। इसके बाद टैक्सी बताए गए स्थान पर पहुंच जाएगी।
यह रहेगा किराया
- न्यूनतम चार्ज पहले दो किलो मीटर तक- 30 रुपए।
- इसके बाद प्रति किलोमीटर-15 रुपए
- आठ घंटे का समय व 80 किलोमीटर सफर -800 रुपए।
- रात 10 बजे के बाद सुबह 6 बजे से पहले-20 फीसदी एक्स्ट्रा।
- वेटिंग चार्ज- दिन में एक रुपया मिनट, रात में डेढ़ रुपया मिनट।
तीन सवारी से ऊपर एक्स्ट्रा चार्ज
- किराए का भुगतान कार के अंदर लगे मीटर की रीडिंग के आधार पर होगा, ड्राइवर बिल भी देगा।
- मायकैब में तीन सवारी से अधिक बैठने की इजाजत नहीं होगी। बहुत जरूरी होने पर एक का एक्स्ट्रा चार्ज लगेगा।
- इटिओस टोयोटा मॉडल को ग्वालियर में लाया जा रहा है। जरूरत होने पर इनकी संख्या 20 से अधिक की जा सकती है।
- बाड़ा से स्टेशन (दूरी 6 किमी)-90 रुपए दिन में, रात में 108 रुपए।
- बाड़ा से सूर्य मंदिर (दूरी 9 किमी)-135 रुपए दिन में।
- बाड़ा से किला (दूरी 5 किमी)-75 रुपए दिन में।
- मुरार से स्टेशन (दूरी 4 किमी)-60 रुपए दिन में,रात में 72 रुपए ।
- स्टेशन से थाटीपुर (दूरी 3 किमी)-45 रुपए दिन में, रात में 54 रुपए।
- कंपू से स्टेशन(दूरी 7 किमी)-105 रुपए दिन में, रात में 125 रुपए।
- डीडीनगर से स्टेशन(दूरी 4 किमी)- 60 रुपए दिन में, रात में 72 रुपए।
ऑटो से महंगी पर सुरक्षित सेवा
मायकैब के शुरू होने से उन लोगों को काफी राहत मिलेगी जिनके निवास क्षेत्र के आसपास ऑटो स्टैंड नहीं हैं। ऐसे लोगों को रात में काफी दूर तक पैदल चलकर ऑटो पकड़ना पड़ता है। माय कैब सेवा का उपयोग करने पर किराए के रूप में अधिक पैसा देना होगा पर सुरक्षा भी मिलेगी। कैब का ड्राइवर प्रशिक्षित व कंट्रोल रूम के संपर्क में रहेगा। इसलिए परिवार के सदस्यों को अकेले भी किसी स्थान पर भेजा जा सकता है।
अगले सप्ताह तक टैक्सियां ग्वालियर में आ जाएंगी। इसके बाद एक सप्ताह में यह सेवा पब्लिक के लिए प्रारंभ हो सकती है।
- आकाश त्रिपाठी, कलेक्टर एवं कार्यपालक निदेशक जीसीटीएसएल