पत्नी को गैर से था प्यार, करवा दी पति की ही हत्या
Source: Dainik Bhaskar News | Last Updated 06:53(10/02/12)
ग्वालियर। पति ने पत्नी को प्रेमी से दूर रहने के लिए कहा। प्रेमी से बात न कर पाए इसलिए मोबाइल का सिमकार्ड भी छीन लिया। यह पत्नी को नागवार गुजरा और उसने प्रेमी से कहकर पति की ही हत्या करवा दी। उटीला में खूबत बाबा की पहाड़ी पर 29 जनवरी को चरवाहे की हत्या के मामले का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। पुलिस ने चरवाहे की पत्नी और प्रेमी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हुरावली गांव में रहने वाला हरिसिंह बघेल 29 जनवरी को बकरियां चराने के लिए गया था। बकरियां तो रात को लौट आईं, लेकिन हरिसिंह नहीं लौटा। बाद में खूबत बाबा की पहाड़ी पर हरिसिंह की लाश मिली। उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई थी। एडीशनल एसपी देहात रघुवंश सिंह और एसडीओपी बेहट रामलखन सिंह भदौरिया के अनुसार हरिसिंह के परिजनों से पूछताछ में पता चला कि पत्नी सुनीता से उसकी अनबन चल रही थी, जिसके चलते 28 जनवरी को उसने पत्नी के मोबाइल का सिमकार्ड छीन लिया था।
हरिसिंह की पहली पत्नी की मौत के बाद वह टीकमगढ़ से सुनीता को पत्नी बनाकर अपने साथ ले आया था। यहां पर सुनीता के संबंध हरिसिंह के बहनोई के छोटे भाई ओमी उर्फ ओमप्रकाश बघेल निवासी ग्राम धुईया, बिजौली से बन गए थे। इस पर हरिसिंह को ऐतराज था, इसके चलते उसने सुनीता के मोबाइल का सिमकार्ड छीनने के साथ ही उसकी पिटाई भी कर दी थी। सुनीता ने यह बात ओमप्रकाश को बताई तो उसने अपने दोस्त रंजीत उर्फ बिज्जू राजपूत निवासी ग्राम ऐंसा, कठैरा मोहल्ला दिमनी, मुरैना के साथ मिलकर हरिसिंह की हत्या कर दी।
थाना प्रभारी भुवन देशमुख ने ओमप्रकाश और रंजीत को हत्या तथा सुनीता को हत्या का षड्यंत्र रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।