फाइलों में ही दब गया डेढ़ करोड़ का सर्वे

इंदौर। जवाहर मार्ग सहित शहरभर में ट्रैफिक की परेशानी को देखते हुए नगर निगम ने वर्ष 2010-11 में डेढ़ करोड़ रुपए खर्च कर विस्तृत सर्वे करवाया था। इसकी रिपोर्ट भी एलिवेटेड ब्रिज की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट की तरह कागजों से बाहर नहीं निकल पाई है। निगम, पुलिस और प्रशासन ने आज तक इस पर अमल नहीं किया। निगम ने कॉम्प्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान (सुगम यातायात योजना) के तहत केंद्र सरकार की एजेंसी राइट्स इंडिया लि. से यह सर्वे करवाया था। जून 2012 में कंपनी ने निगम को रिपोर्ट दी थी। इस सर्वे का उद्देश्य था कि शहर के महत्वपूर्ण हिस्सों में कहां-कहां ट्रैफिक और भविष्य की दृष्टि से क्या उपाय किए जा सकते हंै, ताकि यातायात सुगम हो जाए। इधर, सराफा व्यापारियों ने भी जवाहर मार्ग पर एलिवेटेड ब्रिज बनाने की मांग की है।
जवाहर मार्ग : यह था राइट्स की रिपोर्ट में
- यहां पार्किंग और अतिक्रमण की समस्या है। वाहन सड़क पर खड़े होते हंै।
- इसे दूर करने के लिए सिटी बस नहीं चलाते हुए छोटे लोक परिवहन के वाहन चलाएं। मध्य क्षेत्र में पार्किंग शुल्क ज्यादा लिया जाए।
- जिन हिस्सों से यह मार्ग जुड़ता है, वहां कम रेट पर पार्किंग हो। इससे सड़क किनारे वाहन खड़े होने की समस्या कम होगी।
- भविष्य के मद्देनजर इस मार्ग को वन-वे करना जरूरी है। वैकल्पिक रास्ते या ब्रिजों का सहारा भी लिया जा सकता है।
- चौराहे पर सिग्नल आधे हिस्से में ही काम कर रहे हंै। ट्रैफिक सुधार के लिए जेब्रा क्रॉसिंग, पेडस्ट्रीयन, फुटपाथ और सिग्नल भी सही करना होंगे।
फिर उलझे व्यापारी जीरों टॉलरेंस जोन
एक बार फिर जवाहर मार्ग पर कार्रवाई के दौरान व्यापारी डीएसपी प्रदीप सिंह चौहान से उलझे। मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे ट्रैफिक पुलिस ने दुकान पर सामान उतार रही लोडिंग का चालान काटा। इस पर व्यापारी भड़क गए। उनका कहना था कि सोमवार शाम को हुई बैठक में दोपहर 11 से चार तक लोडिंग वाहन को अनुमति दी गई है। इसके बावजूद चालान क्यों काटा गया? इस पर डीएसपी चौहान ने कहा लोडिंग गलत तरीके से खड़ा है, इसलिए चालान काटा गया। डीएसपी ने कहा आप लोगों ने कल ही सभी नियम मानने की अनुमति दी है। इसके बाद व्यापारी लौट गए।
बिना नंबर की गाड़ी, कार्रवाई पर भड़के एसडीओ
सैफी होटल चौराहा पर बिना नंबर की गाड़ी रोकी गई।गाड़ी में आरडी सोलंकी, एसडीओ (एग्रीकल्चर) थे। कार्रवाई करने पर वे भड़क गए। उन्होंने कहा मैंने वीआईपी नंबर लिया है जो अभी नहीं आया है। काफी देर की बहस के बाद आखिरकार पुलिस ने चालान काट ही दिया।
एसआई की गाड़ी पर पीली बत्ती
बालाघाट में पदस्थ एसआई धर्मेंद्र पुरी गाड़ी पर पीली बत्ती लगाकर घूम रहा था। गाड़ी को काली फिल्म के लिए रोका गया। एसआई की गाड़ी पर पीली बत्ती होने के कारण पुलिस ने कार्रवाई कर चालान काट दिया।
रोड पर रखा क्लिनिक का बोर्ड जब्त
नंदलालपुरा चौराहा पर प्राइवेट क्लिनिक के सामने सड़क पर रखा बोर्ड पुलिस ने जब्त किया। जिसे एक बार तो क्लिनिक कर्मचारी उठा कर ले गया। सांसद महाजन के पीए भी छुड़ाए आए लेकिन पुलिस ने बोर्ड जब्त कर लिया।






