धार/इंदौर। भोजशाला में पूजा के दौरान बरसाई गई लाठियों के घायलों का हालचाल जानने धार पहुंचे प्रभारी मंत्री महेंद्र हार्डिया को लोगों ने घेर लिया। उन्हें खूब खरी-खोटी सुनना पड़ी। लोगों ने कहा- पहले तो पिटवा दिया, अब क्यों आए हो? वे मुख्यमंत्री के आदेश पर धार पहुंचे थे।
इस दौरान एक घायल ने हार्डिया के गले में हरा गमछा डाल दिया। आईजी अनुराधा शंकर को सस्पेंड करने के नारे भी लगे। माहौल देख हार्डिया सात मिनट में ही अस्पताल से उल्टे पैर लौट गए।
हार्डिया रविवार दोपहर 4.41 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। कुछ देर भाजपा नेताओं का इंतजार किया लेकिन कोई नहीं पहुंचा। अफसरों ने सलाह दी लोगों में आक्रोश है, अस्पताल न जाएं। मंत्री मुख्यमंत्री के निर्देश का हवाला देकर संभागीय संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुवा के साथ अस्पताल रवाना हो गए।